संयोगितागंज थाना क्षेत्र के शिवाजी वाटिका चौराहे के पास एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है, जहां एक तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो अन्य साथी गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान 19 वर्षीय आदिल पिता अब्बास, निवासी मथुरा मैदान, आजाद नगर के रूप में हुई है। हादसे में घायल होने वाले युवकों में अल्फेज पिता रब्बान(18) और अल्लू (16 वर्ष) निवासी आजाद नगर शामिल है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आदिल अपने साथियों के साथ देर रात सरवटे बस स्टैंड पर चाय पीने गए थे और देर रात मोटरसाइकिल से वापस अपने घर लौट रहे थे। जब वे शिवाजी वाटिका चौराहे के पास पहुंचे, तभी एक अनियंत्रित फॉर्च्यूनर कार के चालक ने उनके वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि आदिल की मौके पर ही जान चली गई। जबकि अल्फेज और अल्लु गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में दाखिल किया गया है। वहीं मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। संयोगितागंज पुलिस ने मर्ग कायम कर फरार फॉर्च्यूनर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 13 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



