भंवरकुआं और द्वारकापुरी थाना क्षेत्रों में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गांजे के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। भंवरकुआं पुलिस ने 1 किलो 200 ग्राम गांजा के साथ मटन दुकान संचालक को पकड़ा, जबकि द्वारकापुरी पुलिस ने बाइक सवार आरोपी से करीब 35 हजार रुपए कीमत का 1 किलो 118 ग्राम गांजा बरामद किया है। भंवरकुआं पुलिस के अनुसार चेकिंग के दौरान सूचना मिली कि हिम्मत नगर पालदा में एक संदिग्ध मादक पदार्थ बेचने की फिराक में घूम रहा है। घेराबंदी कर पुलिस ने मनु बोरासी पिता तुलसीराम बोरासी निवासी बड़ी ग्वालटोली, पलासिया को पकड़ा, जिसके पास से 1 किलो 200 ग्राम गांजा मिला। थाना प्रभारी संतोष दूधी ने बताया कि आरोपी की बड़ी ग्वालटोली में मटन की दुकान है और वह दुकान पर आकर गांजा देने वाले अज्ञात व्यक्ति के जरिए माल लाकर ट्रांसपोर्ट नगर व औद्योगिक नगर पालदा में फुटकर बिक्री के लिए पहुंचा था। पुलिस सप्लायर की तलाश में जुटी है।
उधर, द्वारकापुरी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर चांदमारी कंपाउंड ग्राउंड, स्कीम नंबर 71 में घेराबंदी कर चेतन्य उर्फ चेतन उर्फ अरुण निवासी प्रजापत नगर को बाइक सहित गिरफ्तार किया। तलाशी में उसके पास कलीयुक्त नमीदार गांजा कुल 1 किलो 118 ग्राम बरामद हुआ। दोनों थानों में आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आगे की पूछताछ की जा रही है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 29 November 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



