अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र स्थित डी-सुदामा नगर में कार की हवा निकालने और स्टीकर लगाने के संदेह में एक कार चालक द्वारा घर का मेन गेट खोलकर भीतर घुसने व गाली- गलौज करने का मामला सामने आया है। महिला द्वारा पुलिस बुलाने की बात कहने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से चला गया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने कार चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अन्नपूर्णा पुलिस के अनुसार, डी-सुदामा नगर निवासी फरियादी ज्योति पति नरेश कुमार सूर्यवंशी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह और उनकी बेटी नेहा सूर्यवंशी घर पर अकेली थीं तथा उनके पति बाहर गए हुए थे। इसी दौरान मारुति स्विफ्ट कार क्रमांक जीजे 19 एएफ 0774 का चालक जबरदस्ती घर का बाहरी मेन गेट खोलकर अंदर घुस आया और हॉल का दरवाजा खोलने के लिए जोर-जोर से गाली-गलौज करने लगा। आरोपी का आरोप था कि घर वालों ने उसकी कार की हवा निकाल दी है और गाड़ी पर स्टीकर लगा दिया है। इस पर फरियादी ने बेडरूम की खिड़की खोलकर कहा कि उन्होंने न तो गाड़ी की हवा निकाली है और न ही स्टीकर लगाया है, साथ ही आगे बजाज की मल्टी में रहने वाले चालक को वहीं गाड़ी खड़ी करने की समझाइश दी। इसी बात पर भड़के चालक ने बाहर निकलने को कहा और पुलिस बुलाने की बात सुनकर जान से मारने की धमकी देते हुए बाहर निकल गया।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 29 November 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



