इंदौर। चंदन नगर थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का एक नया और शातिर मामला सामने आया है, जहां बदमाशों ने तकनीकी रूप से मोबाइल को कुछ समय के लिए हैक कर बैंक खाते से करीब 98 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर लिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, नावदा पंथ निवासी जीवन पिता सोदानसिंह चौहान ने चंदन नगर थाने में ऑनलाइन धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई है। फरियादी जीवन चौहान ने पुलिस को बताया कि गत 10 अक्टूबर को उन्होंने अपने मोबाइल पर समय देखा था, जिसके तुरंत बाद उनका मोबाइल अचानक हैक हो गया और उसने कुछ समय के लिए काम करना बंद कर दिया। उस समय मोबाइल ने किसी भी प्रकार की कमांड लेना बंद कर दिया था। जब शाम के वक्त उनका मोबाइल ठीक हुआ और उन्होंने अपने फोनपे ऐप की ट्रांजैक्शन हिस्ट्री चेक की, तो उनके होश उड़ गए। उनके बैंक खाते से कुल 98 हजार रुपये डेबिटहो चुके थे। जांच करने पर पता चला कि यह पूरी रकम एक संदिग्ध यूपीआई आईडी 37827- 1 पर ट्रांसफर हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने तत्काल नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई थी। पोर्टल और प्राथमिक जांच के आधार पर चंदन नगर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस अब उस बैंक खाते और यूपीआई आईडी की तकनीकी डिटेल खंगाल रही है, जिसके जरिए इस ठगी को अंजाम दिया गया था।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 13 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



