इंदौर। बेटमा थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का एक नया मामला सामने आया है, जहां शातिर ठगों ने क्रेडिट कार्ड से जुड़ी जानकारी हासिल कर एक युवक के बैंक खाते से करीब 1.58 लाख रुपये ऑनलाइन उड़ा लिए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात साइबर अपराधी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, यह ऑनलाइन धोखाधड़ी की वारदात बीते 30 जुलाई को हुई थी। मूल रूप से पन्ना जिले के ग्राम सिलगी के रहने वाले और वर्तमान में काली बिल्लौद ग्राम की एक कॉलोनी में निवास करने वाले ऋषिकेश पिता राजाराम पाल साइबर ठगी का शिकार हुए हैं। फरियादी ऋषिकेश ने पुलिस को बताया कि गत 30 जुलाई को उनके पास एक अज्ञात नंबर से फोन आया था। फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को बैंक का प्रतिनिधि बताते हुए उनके क्रेडिट कार्ड से संबंधित जानकारी और गोपनीय ब्यौरा हासिल कर लिया। जैसे ही ठग ने कार्ड की पूरी जानकारी जुटाई, उसने चंद मिनटों में ही उनके बैंक खाते से ऑनलाइन माध्यम से 1 लाख 58 हजार 836 रुपये अन्य खातों में ट्रांसफर कर लिए। जब पीड़ित के मोबाइल पर बैंक खाते से इतनी बड़ी रकम कटने के मैसेज आए, तो उनके होश उड़ गए। घटना के बाद पीड़ित ने तत्काल इसकी शिकायत साइबर सेल और संबंधित थाने में दर्ज कराई।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 12 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



