चातुर्मास के समापन के साथ ही एक बार फिर मांगलिक कार्यों की शुरुआत होने वाली है। 20 नवंबर को देवउठनी एकादशी के अवसर पर सृष्टि के पालनहार भगवान विष्णु चार माह की योगनिद्रा से जागेंगे। इसके साथ ही मांगलिक कार्यों की शुरुवात होगी।
विवाह, गृह प्रवेश, मुंडन और यज्ञोपवीत जैसे सभी शुभ व मांगलिक कार्यों पर लगा विराम हट जाएगा और शहर सहित पूरे अंचल में शहनाइयों की गूंज सुनाई देने लगेगी। शादी-ब्याह का सीजन शुरू होने को लेकर बाजारों में भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। सराफा, कपड़ा, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक्स और ऑटोमोबाइल सेक्टर में खरीदारी के लिए ग्राहकों की चहल-पहल बढ़ गई है।
वहीं, मैरिज गार्डन, होटल, कैटरिंग, बैंड- बाजा,इवेंट और टेंट संचालकों के पास भी आगामी मुहूर्तों के लिए बुकिंग का दौर जोरों पर है। ज्योतिष के अनुसार नवंबर महीने में विवाह के लिए 21, 22, 24, 25, 26 और 30 नवंबर को शुभ मुहूर्त हैं. वहीं दिसंबर महीने में 2, 3, 4, 5, 6,7,8 11 और 12 दिसंबर को शादी-विवाह के लिए शुभ तिथियां बन रही हैं।
यानी नवंबर और दिसंबर को मिलाकर साल 2026 में विवाह के सिर्फ 15 लग्न ही शेष हैं। इसके बाद सूर्य देव धनु राशि में प्रवेश करेंगे, जिसे खरमास की शुरुआत माना जाता है। खरमास के दौरान शादी-विवाह समेत कई मांगलिक कार्य नहीं किए जाते हैं। इसके बाद पौष महीना समाप्त होने पर ही फिर से विवाह के शुभ मुहूर्त शुरू होंगे।
तुलसी-शालिग्राम विवाह की रहेगी धूम
देवउठनी एकादशी के दिन घर-घर और मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना के साथ तुलसी-शालिग्राम विवाह के आयोजन होंगे। गन्ने के मंडप सजाकर भगवान विष्णु का आह्वान किया जाएगा और तुलसी विवाह किया जाएगा। दीपदान कर सुख- समृद्धि की कामना भी की जाएगी।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 12 November 2026 के अंक में पृष्ठ 5 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें






