मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रवक्ता अमित चौरसिया ने महापौर पुष्यमित्र भार्गव पर आरोप लगाया कि वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने पर संपत्ति कर में 10 प्रतिशत छूट देने की आपकी घोषणा आखिर कहां गायब हो गई? जनता को बड़ी राहत देने का दावा करके मीडिया में सुर्खियां तो बटोर लीं, लेकिन जमीन पर उसका लाभ क्यों नहीं पहुंचा? चौरसिया ने महापौर पुष्यमित्र भार्गव से सीधे सवाल किया कि आपने खुद घोषणा की थी कि वाटर हार्वेस्टिंग पर 10 प्रतिशत संपत्ति कर छूट का प्रस्ताव नगर निगम की एमआईसी में पारित हो चुका है।
यदि प्रस्ताव पारित हो गया था तो आज तक उसके आदेश जारी क्यों नहीं हुए? जनता को छूट देने में कौन सी बाधा आ रही है? क्या आपकी घोषणाएं सिर्फ कैमरे और अखबारों की सुर्खियों के लिए होती हैं? प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता ने नगर निगम आयुक्त से भी सवाल करते हुए कहा कि जब महापौर स्वयं एमआईसी में प्रस्ताव पारित होने की बात कह चुके हैं तो फिर संबंधित आदेश जारी करने में देरी क्यों की जा रही है? क्या निगम प्रशासन को इस प्रस्ताव की जानकारी नहीं है या फिर महापौर की घोषणा को ही गंभीरता से नहीं लिया जा रहा? चौरसिया ने तंज कसते हुए कहा कि क्या भाजपा की सरकार में अब झूठ के भी सींग उगने लगे हैं? महापौर घोषणा करते हैं, निगम आयुक्त प्रस्ताव पारित होने की बात बताते हैं, लेकिन जनता को राहत देने वाला आदेश ही गायब है।
आखिर इस सरकारी लुकाछिपी का जवाब कौन देगा? चौरसिया ने कहा कि भाजपा का तथाकथित नवाचार इंदौर की जनता के लिए अभिशाप बनता जा रहा है। जगह-जगह खुदी सड़कें, अधूरे निर्माण, अव्यवस्थित यातायात और दुर्घटनाओं से जुझते शहर को महापौर की रील और प्रचार की राजनीति नहीं, जवाबदेह प्रशासन चाहिए। महापौर रील लाइफ से निकलकर रियल लाइफ में शहर की समस्याओं का समाधान करें। कांग्रेस की मांग है कि महापौर और नगर निगम आयुक्त तत्काल स्पष्ट करें कि 10 प्रतिशत संपत्ति कर छूट का प्रस्ताव किस तारीख को पारित हुआ, आदेश अब तक जारी क्यों नहीं हुए और इंदौर की जनता को इस छूट का लाभ कब से मिलेगा?
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 15 November 2026 के अंक में पृष्ठ 3 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




