न्यायालय के निर्देश पर कल नगर निगम और प्रशासन ने कई अधिकारियों और पुलिस की मौजूदगी में पोकलेन लगाकर कृष्णबाग कॉलोनी के कई मकान एक साथ बेदर्दी से नेस्तनाबूद कर दिए थे। कल जब ये मकान टूट रहे थे, तब एक भी कांग्रेसी यहां नहीं पहुंचा था और न ही कांग्रेस की ओर से कोई बयान जारी हुआ था। यह बयान जरूर जारी हुआ था कि टूटे मकानों के परिजनों से मिलने आज पटवारी पहुंचेंगे।

आज प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी कृष्णबाग कॉलोनी पहुंचे। उनके साथ शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे, निगम में नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट, कांग्रेस नेता अमन बजाज, राजू भदौरिया, दिलीप सुरागे सहित अन्य भी पहुंचे थे। टूटे मकानों के दर्द से कराह रहे लोग पटवारी के सामने खुद को ठगा हुआ बता रहे थे। मलबे पर खड़े होकर पटवारी, चौकसे सहित अन्य कांग्रेसियों ने रहवासियों के दर्द पर मरहम लगाने की कोशिश की। कल से लेकर आज तक कोई भाजपाई भी यहां झांकने नहीं आया।
अब जब मकान टूट चुके हैं, तो लकीर पीटने कांग्रेसी पहुंचे। लोगों ने अपना दर्द भी बयां किया, लेकिन अब बचा कुछ नहीं है। लोग बोले कि हम बर्बाद और बेघर हो चुके हैं। हमें पूरी तरह ठगा गया है, हमारा दोष क्या था? निगम ने नक्शे पास किए, विद्युत मंडल ने कनेक्शन दिए, हमने नगर निगम को संपत्तिकर, जलकर और कचरा कर सहित सभी कर भरे, तब भी किसी ने हमें नहीं रोका कि हमने गलत जगह जमीन लेकर गलत निर्माण किया है। पटवारी ने पीड़ितों से बातचीत कर राहत का मरहम लगाया, बाकी कांग्रेसी चुपचाप खड़े रहे।
यह भी पढ़ें: विरोध के बाद कृष्णबाग कॉलोनी में तोड़फोड़ शुरू, 62 मकानों पर चली पोकलेन
कांग्रेस सुप्रीम कोर्ट तक जाएगी, कोर्ट और वकील का खर्च भी उठाएगी
कृष्णबाग कॉलोनी के टूटे मकानों के मलबे के ढेर पर खड़े जीतू पटवारी ने पीड़ितों की मौजूदगी में कहा कि आपकी लड़ाई कांग्रेस सुप्रीम कोर्ट तक लड़ेगी और इसका पूरा खर्च कांग्रेस पार्टी उठाएगी। अच्छे से अच्छा वकील भी हम करेंगे। इससे पहले कल पटवारी कलेक्टर से मुलाकात कर इस मामले पर चर्चा करेंगे। उसके बाद भी अगर पीड़ितों को न्याय नहीं मिला, तो पटवारी ने घेराव और अन्य प्रदर्शन करने की चेतावनी भी दी है। पटवारी ने कहा कि अगर आगे कुछ होता है, तो तोड़फोड़ के दौरान मैं खुद वहां खड़ा रहूंगा।





