निर्वाचन कार्यालय ने आज राजनीतिक दलों की दोपहर 3 बजे एक माह तक चलने वाले मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर बैठक बुलाई है। निर्वाचन के पत्र के बाद शहर कांग्रेस संगठन महामंत्री संजय बाकलीवाल ने भी अध्यक्ष चिन्टू चौकसे के आग्रह के साथ सभी कांग्रेसियों को पत्र जारी किया। खासतौर से ब्लॉक और मंडलम अध्यक्ष और मंडलम के प्रभारी, महिला प्रभारी और कार्यकर्ताओं को पत्र भेजे कि आज 12 नवम्बर से 11 दिसम्बर एक माह तक मतदाता सूची में विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य शुरू हो चुका है।
सभी कांग्रेसी अपने-अपने बूथ स्तर पर देखें कि जिन पात्र मतदाताओं के नाम किसी कारण से मतदाता सूची में छूट गए हैं और जिन युवाओं की आयु 18 वर्ष हो चुकी है उनका नाम मतदाता सूची में जुड़वाया जाए। सबसे पहले कांग्रेसी अपने परिवार के नाम मतदाता सूची में जांच लें और अड़ोस-पड़ोस के साथ अपने मोहल्ले के नाम भी चेक कर लेवे कि उनके नाम मतदाता सूची में दर्ज है या नहीं है।
किसी पात्र मतदाता का नाम हटाया तो नहीं गया है या नाम में, उपनाम में, छायाचित्र में कोई त्रुटि हो तो उसे सुधरवाया जाए। नाम छूटने, जुड़वाने और त्रुटि के लिए तत्काल संबंधित से आवेदन फार्म भरवाए। पत्र में लिखा है कि मतदाता सूची में नाम होना लोकतांत्रित अधिकार है। इसलिए दैनिक कार्यों के साथ थोड़ा-सा समय कांग्रेसी निकालकर अपने मतदान केन्द्र पर अवश्य जाए और मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और सुधार कार्य करवाने का कार्य समयसीमा में करें।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 12 November 2026 के अंक में पृष्ठ 2 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें






