आज सुबह विमानतल पर स्वच्छता सर्वेक्षण का अवार्ड दिल्ली से लेकर इंदौर लौटे महापौर पुष्यमित्र भार्गव के स्वागत के लिए निगम से अनुबंधित एनजीओ के सदस्य एक जैसी वेशभूषा में विमानतल पर पहुंचे, वे ढोल-धमाके लेकर आए थे और महापौर का स्वागत भी उन्होंने किया। भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा, एमआईसी सदस्य बबलू शर्मा, निरंजनसिंह चौहान, नन्दकिशोर पहाड़िया, महेश बसवाल, योगेश गेंदर, राजीव जैन, मनोज मिश्रा सहित कुछ पार्षद ही पहुंचे थे।
महापौर को स्वागत में दुपट्टे भी पहनाए गए। महापौर स्वागत के बाद खुली जीप में सवार होकर रवाना हो गए। महापौर ने कहा कि स्वच्छता के क्षेत्र में हमारी सफलता कायम है, यह कहना गलत है कि इंदौर नंबर दो हो गया है। हम आज भी नंबर-1 ही है, हमने देपालपुर को अपना जोड़ीदार बनाया था। देपालपुर को हम दूसरे स्थान तक लेकर आ गए हैं। पूरे देश में इंदौर को सबसे ज्यादा नंबर मिले हैं।
महापौर विमानतल से खुली जीप में सवार हुए,एयरपोर्ट के सामने भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। खुली जीप में महापौर एयरपोर्ट थाना तक पहुंचे और वहां से वे कार में बैठकर रवाना हो गए।

यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 12 November 2026 के अंक में पृष्ठ 3 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें






