शहर कांग्रेस के अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने कहा है कि महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने आज एक बार फिर झूठ बोलकर नगर निगम के कर्मचारियों की भावनाओं से भी खिलवाड़ किया है। माननीय न्यायालय के द्वारा दिए गए आदेश के अनुसार 1650 कर्मचारियों को विनियमित किया जाना है। शेष कर्मचारियों को विनियमित किया जाने की जो घोषणा महापौर पुष्यमित्र भार्गव के द्वारा की गई है, वह झूठ है। निगम के कर्मचारियों के समक्ष झूठ बोलकर उनके द्वारा इन कर्मचारियों की भावनाओं से खिलवाड़ किया जा रहा है। इस तरह बाकी के कर्मचारियों को विनियमित करने का महापौर परिषद को कोई अधिकार नहीं है।
चौकसे ने आज यहां जारी एक बयान में कहा कि आज महापौर के द्वारा इंदौर नगर निगम में काम करते हुए जिन कर्मचारियों को 10 साल हो गए हैं एैसे सारे कर्मचारियों को विनियमित करने की घोषणा की गई है। महापौर के द्वारा यह कहा गया है कि महापौर परिषद की पिछली बैठक में एक संकल्प पारित करते हुए यह फैसला लिया गया है। इस मामले में हकीकत यह है कि माननीय न्यायालय के द्वारा 1650 कर्मचारियों को विनियमित करने का निर्देश दिया गया था। इस निर्देश का परिपालन करने के लिए निगम आयुक्त के द्वारा प्रस्ताव तैयार कर महापौर परिषद में भेजा गया था।
चौकसे ने कहा कि इस प्रस्ताव पर विचार के दौरान महापौर परिषद के द्वारा अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर यह फैसला लिया गया है कि जिन कर्मचारियों को 10 साल हो गए हैं ऐसे सभी कर्मचारियों को विनियमित कर दिया जाएं।
जब महापौर परिषद की बैठक में यह फैसला लिया जा रहा था उस समय पर ही बैठक में मौजूद अधिकारियों ने साफ कह दिया था कि जब तक राज्य शासन अथवा न्यायालय के द्वारा आदेश नहीं दिया जाता तब तक वह ऐसा नहीं कर सकेंगे।
अधिकारियों के द्वारा महापौर परिषद की बैठक में स्पष्ट मत व्यक्त कर दिए जाने के बावजूद झूठ बोलकर महापौर के द्वारा निगम के कर्मचारियों को गुमराह करने का काम किया जा रहा है। जिस काम को करने का महापौर पराषद को अधिकार ही नहीं है वह काम करने की कोशिश की जा रही है।
हकीकत तो यह है कि स्वच्छता सर्वेक्षण में मिली असफलता और इंदौर के नाम को खराब कर देने के बाद अब महापौर विषय में बदलाव करना चाहते हैं। इसके लिए उनके द्वारा कर्मचारियों के विनियमितिकरण का एक ऐसा हल्ला किया गया है जो कि कर्मचारियों को धोखा देने वाला काम है।
चौकसे ने कहा कि यदि महापौर सही में कर्मचारियों के हित चिंतक हैं तो जो फैसला महापौर परिषद की बैठक में लिया गया है उस फैसले का आदेश राज्य सरकार से करवा कर लाएं। इसके साथ ही इंदौर के सभी सफाई मित्रों को स्थाई कर्मचारियों के रूप में निगम की सेवा का हिस्सा बनाने की पहल अपनी पार्टी की सरकार के समक्ष करें।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 15 November 2026 के अंक में पृष्ठ 3 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




