प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ वयोवृद्ध नेता हो चुके हैं। वे अपनी प्रदेश कांग्रेस की राजनीति अब नकुलनाथ के हाथों सौंप रहे हैं। एक तरह से कल कमलनाथ के सारे समर्थक भोपाल बंगले पर एकत्रित हुए और वहां आगामी कांग्रेस की राजनीति को नाथ खेमे की बड़ी रणनीति के रूप में देखा गया। बहुत बड़ी संख्या में प्रदेश भर के समर्थक मौजूद रहे।



कांग्रेस के कई बड़े नेता भी मौजूद रहे, खुद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी, यश घनघोरिया और दिग्विजय सिंह के बेटे जयवर्धन सिंह, कांतिलाल भूरिया के बेटे विक्रांत भूरिया और कई विधायक, पूर्व विधायक, सांसद व विधायक के प्रतिनिधि, प्रदेश पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
कल बंगले पर कमलनाथ समर्थकों में भीड़ देखकर जमकर उत्साह था और इसी उत्साह में कई बार जीतू पटवारी की मौजूदगी में नारे लगे कि प्रदेश का नेता कैसा हो, नकुलनाथ जैसा हो। प्रदेश का मुख्यमंत्री कैसा हो, नकुलनाथ जैसा हो।
कमलनाथ का 18 नवम्बर को जन्मदिन है और कल बंगले में नाथ समर्थकों ने अपने नेता का जन्मदिन मनाया, कई टेबलों पर केक सजे और वह केक बारी-बारी से नकुलनाथ ने काटे।
कांग्रेसियों और जानकारों को लगने लगा था कि कमलनाथ अब प्रदेश कांग्रेस की राजनीति से बाहर हो गए हैं और नकुलनाथ छिंदवाड़ा से हारे तब से ही लग रहा था कि नकुलनाथ प्रदेश में रुचि नहीं लेंगे, लेकिन कल सब झुठलाते हुए राजनीतिक ताकत नाथ खेमे ने लगाई और जमकर भीड़ जुटाई। नकुलनाथ के लिए स्वागत का दौर और नारों की गूंज जबर्दस्त चलती रही।
जब कमलनाथ की चल थी और जब मुख्यमंत्री थे तब भी इतनी भीड़ बंगले पर नहीं जुटी थी, जितनी नकुलनाथ के लिए कल जुटी और कमलनाथ की प्रदेश की राजनीतिक विरासत एक तरह से कल नकुल के हाथ में सौंप दी गई। नाथ के भोपाल बंगले पर जो चार रास्ते मिलते हैं उस रोड पर इतनी पार्किंग वाहनों की हो गई थी कि पुलिस को बेरिकेट्स लगाना पड़े थे।
कई समर्थकों की गाड़ियां दूर खड़ी हुई, जिससे पैदल चलकर बंगले तक पहुंचना पड़ा था। नाथ के जन्मदिन के पहले नकुलनाथ को समर्थकों की मांग पर कल भोपाल भेजा गया था और दीपावली के नाम पर बंगले पर जो समर्थकों का हुजूम इकट्ठा हुआ उससे तय हो गया कि कमलमनाथ समर्थक आज भी पूरे प्रदेश में एकजुट होकर ताकतवर है।
कुल मिलाकर यह कयास लगाए जा रहे है कि कमलनाथ का राजनीति में लौटकर आना मुश्किल है यह सब कुछ समर्थकों ने झुठला दिया और पूरी ताकत के साथ नकुलनाथ को अब नेता मान लिया और स्वागत करने में पीछे नहीं रहे। बड़ी बात यह रही कि प्रदेश के सभी बडे नेता इस कार्यक्रम में नाथ के बंगले पर मौजूद रहे।
इंदौर-उज्जैन संभाग के 15 जिलों से भी समर्थक बड़ी संख्या में पहुंचे थे, जिनमें इंदौर से भी बड़ी संख्या में शामिल थे। कुछ दिनों से कमलनाथ और नकुलनाथ की ढील के कारण प्रदेश के दूसरे बड़े नेताओं ने नाथ समर्थकों पर अपने खेमे में आने के लिए डोरे डालना शुरू कर दिए थे और कुछ समर्थक दूसरे नेताओं के यहां आ-जा भी रहे थे।
कल के बाद अब नाथ समर्थक नकुलनाथ खेमे में ही रहेंगे ऐसा कल एहसास हुआ। कल बंगले पर नारेबाजी भी हुई, केक भी कटे और भोज भी हुआ, झंडे भी लहराए और नकुलनाथ एक-एक नेता व कार्यकर्ताओं से मिलते रहे। नकुलनाथ के मुख्यमंत्री बनने के नारे जीतू पटवारी और हरीश चौधरी ने भी सुने।
बंगला के समीप से लेकर भोपाल के कई इलाकों में बैनर-पोस्टर भी लगाए गए थे, कई में जीतू पटवारी के चित्र गायब थे। खुद जीतू पटवारी करीब साढ़े तीन घंटे आयोजन में रूके रहे, नजारा देखते रहे।
इंदौर से प्रमुख रूप से केके यादव, संजय बाकलीवाल, रीना बौरासी, शैलेष गर्ग, गजेन्द्र वर्मा, प्रेम खड़ायता, सदाशिव यादव, विनय बाकलीवाल सहित अन्य नाथ समर्थक और कांग्रेस नेता मौजूद रहे।
उमंग सिंघार की अनुपस्थिति चर्चा में रही
विधानसभा में नेताप्रतिपक्ष उमंग सिंघार की अनुपस्थिति कल कमलनाथ के बंगले पर चर्चा में रही। नाथ समर्थकों को उम्मीद थी कि हर हाल में उमंग सिंघार पहुंचेंगे। कई नाथ समर्थक आखिरी तक पूछते रहे कि उमंग सिंघार आ रहे हैं क्या, लेकिन वे नहीं पहुंचे।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 15 November 2026 के अंक में पृष्ठ 2 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




