गुरूवार, 12 नवम्बर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
इंदौर

नकुलनाथ की प्रभावी लॉन्चिंग के लिए तैयारियां

पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ अपने बेटे नकुलनाथ को प्रदेश में कांग्रेस की राजनीति में स्थापित करना चाह रहे हैं।

नकुलनाथ की प्रभावी लॉन्चिंग के लिए तैयारियां
नकुलनाथ (फाइल फोटो)

भोपाल में दो दिन बाद होने वाले मिलन जमावड़े में इंदौर से भी जाएंगे कमलनाथ समर्थक, भोपाल से आ रहे हैं फोन

इंदौरी कांग्रेसी समर्थक भी लगा रहे हैं अपने निकट के लोगों को राजधानी चलने के लिए मोबाइल

पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ अपने बेटे नकुलनाथ को प्रदेश में कांग्रेस की राजनीति में स्थापित करना चाह रहे हैं। इसी कड़ी में नकुलनाथ के लिए प्रभावी लॉन्चिंग की तैयारी कर दी गई है। बताया जा रहा है कि खुद कमलनाथ 14 नवम्बर को भोपाल में सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक होने वाले दीपावली मिलन समारोह में शामिल हो सकते हैं, नकुलनाथ के नाम पर दीपावली मिलन का बड़ा आयोजन भोपाल बंगले पर किया जा रहा है।

नाथ के बंगले से ही प्रदेश भर के समर्थकों को फोन लगाए जा रहे हैं, भोजन का निमंत्रण भी दिया जा रहा है। प्रमुख समर्थकों को यह भी कहा गया है कि वे अपने समर्थकों को फोन लगाए, जिससे ज्यादा से ज्यादा लोग भोपाल पहुंच सके। इंदौर के कमलनाथ समर्थकों ने फोन लगाना भी शुरू कर दिए हैं।

बताया जा रहा है कि कमलनाथ ने इन दिनों राजनीतिक रूप से दूरी बना रखी है। अब वे सही समय पर अपने बेटे को प्रदेश की राजनीति में स्थापित करना चाहते हैं। इसीलिए राजनीतिक योजनाबद्ध तरीके से यह दीपावली मिलन समारोह प्रदेश भर के समर्थकों के बीच भोपाल में मनाया जाएगा। सूत्र यह भी बता रहे हैं कि कमलनाथ अपने समर्थकों के बीच राजनीतिक विरासत नकुलनाथ के नाम सौंप सकते हैं।

कमलनाथ और दिग्विजय सिंह दोनों वयोवृद्ध नेता हो चुके हैं, दिग्विजय सिंह इन दिनों धार्मिक यात्रा पर हैं, वे अपने बेटे जयवर्धन सिंह को पहले ही राजनीति में स्थापित कर चुके हैं। यात्रा पूरी करने के बाद दिग्विजय सिंह प्रदेश में अपने बेटे के लिए क्या कदम उठाएंगे वह अभी तय नहीं है, लेकिन कमलनाथ अपने समर्थकों के माध्यम से भोपाल में दो दिन बाद 14 नवम्बर को सुबह से दोपहर तक जमकर ताकत दिखाएंगे और बेटे नकुलनाथ को अपने समर्थकों की मौजूदगी में विरासत सौंपेंगे।

इंदौर के कमलनाथ समर्थकों में उत्साह है और एक-दूसरे को फोन भी लगाए जा रहे हैं।

यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 12 November 2026 के अंक में पृष्ठ 2 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें

📰 अख़बार की कटिंग

सिटी ब्लास्ट, 12 November 2026, पृष्ठ 2