पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजयसिंह ने उज्जैन से अयोध्या तक ‘सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा’ शुरू की है। यात्रा को दीपावली के कारण कुछ दिनों का विश्राम दिया गया था। कल यह यात्रा दिग्विजय सिंह के गृह क्षेत्र राघौगढ़ से फिर शुरू हुई तो प्रदेश भर के कई कांग्रेसी राघौगढ़ पहुंचे उसमें इंदौर के कई कांग्रेसी भी शामिल हुए। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भी कल फिर से शुरू हुई यात्रा में राजा के साथ उनकी धार्मिक यात्रा में कदमचाल मिलाए और काफी देर तक यात्रा में रूके रहे।
इंदौर से भी कई कांग्रेसी राजा की इस यात्रा में शामिल होने के लिए पहुंचे थे। अभी कुछ दिन दिग्गी की यात्रा म.प्र. में और रहेगी, फिर यह यात्रा उ.प्र. में प्रवेश करेगी। दिग्गी जब तक म.प्र. में रहेंगे तब तक प्रदेश कांग्रेस नेता शामिल होते रहेंगे। यात्रा ग्वालियर के बाद उ.प्र. की ओर कूच करेगी। उ.प्र. में यात्रा के प्रवेश के दौरान कई कांग्रेस के बड़े नेता भी इस यात्रा में शामिल होंगे।
मिली जानकारी के अनुसार उ.प्र. के कई राजपूत समाज संगठन के पदाधिकारी और सदस्य भी यात्रा में शामिल होंगे। भगवान श्रीराम का मंदिर अयोध्या में हैं और उ.प्र. प्रवेश से लेकर अयोध्या तक इस यात्रा को बड़ा रूप देने की कोशिश की गई है। इस समय अयोध्या मंदिर के पुजारी भी नाराज बताए जा रहे हैं। दिग्विजय सिंह को मैनेजमेंट का गुरु माना जाता है।
ऐसे में उ.प्र. में इस यात्रा को अच्छे समर्थन की उम्मीद जताई जा रही है। इस यात्रा से उ.प्र. के आगामी चुनाव में कांग्रेस को फायदा हो इससे भी जोड़कर देखा जा रहा है। कांग्रेस ने इस यात्रा की उ.प्र. के लिए अच्छी तैयारी की है। इसीलिए कांग्रेस के कई बड़े नेता उ.प्र. यात्रा के दौरान अलग-अलग दिन अलग-अलग जगह शामिल होंगे।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 12 November 2026 के अंक में पृष्ठ 2 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें






