चंदन नगर थाना क्षेत्र में एक युवक द्वारा जहरीला पदार्थ खाकर खुदकुशी करने का मामला सामने आया है। युवक अपने पिता के साथ फर्नीचर का काम करने साइट पर गया हुआ था, जहां से गुटखा खाने का बहाना बनाकर निकला और जहर गटककर घर पहुंचा। गंभीर हालत में परिजनों ने उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसने दम तोड़ दिया। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान जितेंद्र पिता पप्पू(39)निवासी गीता नगर, चंदन नगर के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि जितेंद्र पेशे से फर्नीचर बनाने का काम करता था और अपने पिता के साथ ही काम पर जाता था। घटना वाले दिन भी वह अपने पिता के साथ एक साइट पर काम करने गया हुआ था। काम के दौरान उसने पिता से गुटखा खाने जाने की बात कही और साइट से बाहर निकल गया। साइट से निकलने के बाद जितेंद्र जहर खाकर सीधे अपने घर पहुंचा। कुछ ही देर में जब उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और उसे उल्टी होने लगी, तो घर में मौजूद परिजन घबरा गए। परिजनों ने तुरंत उससे पूछताछ की, जिस पर उसने जहर खाने की बात स्वीकार की। आनन-फानन में परिजन उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन स्थिति गंभीर होने के कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 21 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




