सोमवार, 12 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
इंदौर

फुटपाथ पर बैठे युवक पर बीयर की फूटी बोतल से हमला

इंदौर। एमजी रोड थाना क्षेत्र में नगर निगम कार्यालय के पास स्थित फुटपाथ पर आपसी विवाद के बाद एक युवक पर बियर की फूटी कांच की बोतल से हमला करने…

इंदौर। एमजी रोड थाना क्षेत्र में नगर निगम कार्यालय के पास स्थित फुटपाथ पर आपसी विवाद के बाद एक युवक पर बियर की फूटी कांच की बोतल से हमला करने का मामला सामने आया है। बेवजह गाली देने से मना करने पर आरोपी ने पास में पड़ी खाली बियर की टूटी बोतल उठाकर युवक की पसली के नीचे मार दी, जिससे वह लहूलुहान हो गया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों की मदद से घायल को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया गया। पीड़ित के दोस्त की शिकायत पर एमजी रोड थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, नगर निगम फुटपाथ पर रहने वाले आलोक पिता अंकुश भिड़े ने एमजी रोड थाने पहुंचकर वारदात की रिपोर्ट दर्ज कराई। फरियादी आलोक ने बताया कि वह और उसका दोस्त रोहित नगर निगम के पास स्थित फुटपाथ पर बैठे हुए थे। उसी दौरान फुटपाथ पर ही रहने वाला दीपक नाम का व्यक्ति वहां पहुंचा और अकारण ही रोहित को गालियां देने लगा। जब रोहित ने सार्वजनिक रूप से गालियां देने का विरोध किया, तो आरोपी दीपक उग्र हो गया और विवाद करने लगा। गाली- गलौज से मना करने पर गुस्साए आरोपी दीपक ने तुरंत पास में पड़ी एक खाली बियर की फूटी हुई कांच की बोतल उठा ली और जान से मारने की नीयत से रोहित की बाईं तरफ पसलियों के नीचे दे मारी। बोतल लगते ही गहरा घाव हो गया और पसली से तेज खून बहने लगा। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग एकत्र हुए, जिन्हें देखकर आरोपी मौके से भाग खड़ा हुआ।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 30 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें