शहर की यातायात व्यवस्था को ठीक करने के लिए यातायात पुलिस एवं नगर निगम अधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। शहर के प्रमुख चौराहों, मुख्य मार्गों एवं व्यस्त बाजार क्षेत्रों में यातायात संबंधी समस्याओं के समाधान को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। पुलिस उपायुक्त राजेशकुमार त्रिपाठी और निगम के अपर आयुक्त अभय राजनगांवकर की मौजूदगी में हुई चर्चा में जहां जरूरी हो वहां यातायात सिंग्नल स्थापित करने और जहां सिंग्नल लगे हैं वहां व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने पर चर्चा हुई। कई जगह दुर्घटनाग्रस्त, खराब एवं अवैध रूप से खड़े हैं उनको वाहन मालिकों से कहकर हटवाना या फिर क्रेन की सहायता से उन्हें हटाया जाए। प्रमुख बाजार और सड़कों पर दुकानों का सामान बाहर रखकर रोड पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ भी तत्काल कार्रवाई की जाए, जिससे यातायात ठीक हो। वर्षा के दौरान जलभराव एवं सड़कों पर बने गड्ढों के कारण यातायात प्रभावित होने वाले स्थानों की पहचान कर नगर निगम द्वारा त्वरित सुधारात्मक कार्यवाही किए जाने पर चर्चा हुई। अब पुलिस और नगर निगम संयुक्त रूप से काम करेगी।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 4 अगस्त 2026 के अंक में पृष्ठ 4 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




