मांगलिया थाना क्षेत्र के पुमार्थ सेरेनिटी मुंडला बाग में कल कालोनी के अन्दर कचरा एकत्र करने वाली गाड़ी से मासूम बालिका के पैर में क्षति पहुंची। मिली जानकारी के मुताबिक इस कचरा कलेक्ट करने वाली गाड़ी में सहयोगी नहीं था इसलिए यह घटना घटने की बात रहवासियों ने बताई। वहां से वीडियो फुटेज भी मिले, जिसमें दिख रहा है कि सूनसान रोड है और बच्चे वहां खेल रहे थे तभी निगम की गाड़ी ने लेफ्ट टर्न लिया वहां बालिका मौजूद थी, जो पहले कचरा गाड़ी से टक्कर के बाद उसका पैर पहिये के नीचे आ गया, बाद में परिजन पहुंचे और तत्काल बालिका को बॉम्बे अस्पताल इलाज के लिए ले जाया गया। रहवासी ने कहा कि इस मामले में दोषी वाहन चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज होना चाहिए। कुछ लोगों ने यह भी कहा कि जिस दरोगा ने बगैर क्लीनर के यह गाड़ी रवाना की उन पर भी कार्रवाई होना चाहिए। यह घटना कल शाम की बताई गई। बालिका स्तुति मेहतो उम्र साढ़े 4 साल के पिता सौरभ मेहतो ने बताया कि घटना के बाद बच्ची को लेकर तुरंत बाम्बे अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने इलाज के बाद उसे घर भेज दिया। हालांकि दर्द के कारण बच्ची परेशान हो रही है, जिसके बाद आज सुबह फिर उसे लेकर अस्पताल पहुंचे। घटना के बाद कचरा गाड़ी चालक पूरे क्षेत्र से कचरा इकट्ठा करता रहा।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 6 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




