महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा है कि हमने इंदौर शहर के नागरिकों से जिस काम को करने का वादा किया था ऐसे हर काम को 4 साल की अवधि के दौरान करके दिखाया है। अब हमें इंदौर में 40 नई पानी की टंकी के निर्माण के काम को शुरू करना है। उन्होंने कल पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि मैं इंदौर की जनता से माफी मांगता हूं। यह माफी में जनता से उन्हें हो रही असुविधा के लिए मांग रहा हूं। इस समय इंदौर शहर में मास्टर प्लान की 24 सड़कों और विभिन्न स्थानों पर 22 ब्रिज के निर्माण का कार्य चल रहा है। इन ब्रिज का निर्माण अलग-अलग विभागों के द्वारा किया जा रहा है। जब भी कोई विकास का काम होता है तो उसके कारण निश्चित तौर पर लोगों को परेशानी होती है। इस परेशानी के बाद में जब काम पूरा हो जाता है तो फिर सुविधा भी लोगों को उतनी ही मिलती है। उन्होंने कहा कि मैंने अपने कार्यकाल के दौरान 25 साल के बाद के इंदौर का सपना देखा है। इस सपना के अनुसार उस समय की इंदौर की आवश्यकताओं की पूर्ति की पहल हमने अपने कार्यकाल में की है। इंदौर शहर में मकानों की संख्या 3.85 लाख थी जो कि अब बढ़कर 8.11 लाख हो गई है। अब इंदौर शहर का क्षेत्रफल 274 स्क्वायर किलोमीटर का हो गया है। ऐसी स्थिति में इंदौर की जनता की पानी की आवश्यकता की पूर्ति करने के लिए अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत बहुत सारे काम किए जा रहे हैं। हम नर्मदा पेयजल योजना का चौथा चरण भी ला रहे हैं। अभी इंटकवेल के निर्माण का काम शुरू हो गया है। इसके साथ ही ट्रीटमेंट प्लांट का भी निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में इंदौर नगर निगम के द्वारा 1600 करोड रुपए का लोन लिया जाएगा। इस लोन में हम 1000 करोड रुपए का ब्लू बांड भी ला रहे हैं। इसके पहले हम ग्रीन बांड ला चुके हैं। शहर में ड्रेनेज के पानी के ट्रीटमेंट के लिए व्यवस्था को दुगना किया गया है। बड़ी संख्या में कॉलोनी में ड्रेनेज की लाइन डालने का काम किया जा रहा है। हमने अवैध कॉलोनी को वैध करने का काम भी प्राथमिकता के साथ किया है। उन्होंने कहा कि पहली बार इंदौर में मोबाइल से ऑपरेट होने वाली स्ट्रीट लाइट लगाई गई है। अभी तक शहर में एक लाख से ज्यादा एलईडी की नई स्ट्रीट लाइट लगा दी गई है। इन स्ट्रीट लाइट की विशेषता यह है कि कभी भी मोबाइल फोन के माध्यम से ही इस लाइट को चालू अथवा बंद किया जा सकता है। नागरिकों की समस्याओं के समाधान को हमारे द्वारा प्राथमिकता दी गई। उन्होंने कहा कि नगर निगम चुनाव के समय पर हमने शहर की जनता से जितने वादे किए थे उतने सारे वादे पूरे कर लिए हैं। सड़क पर घूमने वाले श्वान की समस्या का समाधान हम नहीं कर सके हैं। इसमें बहुत सारी समस्याएं आ रही हैं। हमारे द्वारा इंदौर को आने वाले कल की तैयारी के हिसाब से तैयार करने का काम किया गया है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 5 अगस्त 2026 के अंक में पृष्ठ 4 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




