एसोसिएशन ऑफ इंडस्ट्रीज मध्यप्रदेश के अध्यक्ष योगेश मेहता के नेतृत्व में पदाधिकारी और उद्योगपतियों ने औद्योगिक क्षेत्रों में फायर सेफ्टी ऑडिट के तहत की जा रही कार्यवाई को लेकर महापौर पुष्यमित्र भार्गव से विस्तृत चर्चा की और उद्योगों की ओर से अपना पक्ष रखते हुए वर्तमान परिस्थितियों एवं औद्योगिक संस्थानों में नये नियमों से राहत देने की मांग रखी गई। महापौर सभाकक्ष में बहुत ही गरिमापूर्ण वातावरण में अपर आयुक्त प्रखर सिंह के उपस्थिति में हुई बैठक में अध्यक्ष योगेश मेहता ने महापौर पुष्यमित्र भार्गव को एक ज्ञापन सौंपकर इन नियमों की समीक्षा करने और उद्योगों को तत्काल राहत प्रदान करने का आग्रह किया। उद्योगपतियों के साथ चर्चा व व्यावहारिकता को समझते हुए महापौर ने उद्योगों पर हो रही कार्यवाही को शिथिल करने का विश्वास दिलाया और वैकल्पिक सामान्य फायर सेफ्टी उपकरण लगाने का उद्योगपतियों से आग्रह किया। योगेश मेहता ने महापौर भार्गव से कहा कि पुराने सरंचनाओं में संचालित हो रहे उद्योगों में नये नियम लागू करना व्यावहारिक दृष्टि से असंभव है और इसके लिए उद्योगों पर दबाव बनाकर कार्यवाही की जा रही है वह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। हम अग्निसुरक्षा और जल संरक्षण के महत्व का पूरी तरह समर्थन करते हैं, लेकिन नियम ऐसे होने चाहिए जो व्यावहारिक हों और उद्योगों को विकास बाधित न करें। इसके लिए उद्योगों को राहत देने के लिए नियमों का पुनरीक्षण करना चाहिए। इस दौरान प्रमोद डफरिया, हरीश भाटिया, प्रकाश जैन, अनिल पालीवाल, गुरविरसिंह, रूचिल डोसी, अशोक पाटनकर, तरूण व्यास सहित अन्य मौजूद थे।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 1 अगस्त 2026 के अंक में पृष्ठ 4 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




