इंदौर नगर निगम से प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बनाए गए मकान तो लोगों ने ले लिए लेकिन उसका पैसा चुकाने में रुचि नहीं ली। ऐसी स्थिति में अब नगर निगम के द्वारा 213 मकान लेने वाले लोगों को 15 दिन का अंतिम नोटिस दिया गया है। स्पष्ट कर दिया है कि यदि इस अवधि में इन लोगों के द्वारा पैसे जमा नहीं कराए जाते हैं तो इनके मकान के आवंटन को निरस्त कर दिया जाएगा। केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत गरीब एवं मध्यवर्गीय वर्ग के लोगों को उनके अपने घर उपलब्ध कराने का कार्य किया जा रहा है। इसके तहत इंदौर नगर निगम के द्वारा भी इस योजना में अलग- अलग स्थान पर बहुमंजिला इमारत का निर्माण कर इन इमारत में संबंधित लोगों को फ्लैट उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसके साथ ही यदि कहीं पर भी सड़क का निर्माण और चौड़ा करने का काम किया जाता है तो जिन लोगों के मकान तोड़ दिए जाते हैं उन लोगों को भी इस योजना के तहत ही मकान देकर उनके आवास की समस्या का समाधान किया जाता है।
इस योजना के तहत बहुमंजिला इमारत में फ्लैट पाने वाले लोगों को उनके फ्लैट पर बैंक का ऋण भी मिल जाता है और उन्हें बहुत थोड़ी रकम अपने पास से नगर निगम के प्रधानमंत्री आवास योजना के प्रोजेक्ट में जमा करना पड़ती है। इन लोगों के द्वारा मकान का आवंटन हो जाने, मकान का कब्जा ले लिए जाने और उस मकान में रहने का काम शुरू कर दिए जाने के बाद भी मकान की आवश्यक रकम जमा नहीं की जाती है। निगम के द्वारा इन लोगों को बार-बार नोटिस दिए जाने के बावजूद इनके द्वारा रकम जमा नहीं की गई है।
अब नगर निगम में ताप्ती परिसर और गुलमर्ग परिसर में मकान लेकर पैसा नहीं चुकाने वाले लोगों के नाम पर नोटिस जारी कर दिया है। इसमें ताप्ती परिषद में 187 परिवार जबकि गुलमर्ग परिसर में 36 परिवार ऐसे हैं जिनके द्वारा फ्लैट लेने के बाद भी पैसा नहीं चुकाया गया है। निगम की ओर से इन सभी परिवारों के नाम व्यक्तिगत नोटिस जारी करने के साथ ही साथ सार्वजनिक सूचना का प्रकाशन भी कर दिया गया है। इसमें यह स्पष्ट कर दिया गया है कि यदि अगले 15 दिन के अंदर इन व्यक्तियों के द्वारा मकान का पैसा जमा नहीं किया जाता है तो उनका आवंटन निरस्त कर दिया जाएगा।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 20 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 4 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




