सोमवार, 12 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
इंदौर

तीन सड़कों पर अब हर दिन 5 घंटे चलेगा अभियान

11 टन सामान किया जब्त पहले दिन के घटनाक्रम से निगम ने लिया सबक और बदली योजना

नगर निगम द्वारा जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के सहयोग से तीन सड़कों पर अब हर दिन 5 घंटे का अभियान चलाया जाएगा। पहले दिन के घटनाक्रम से सबक लेते हुए नगर निगम के द्वारा अपनी योजना में तब्दीली की गई है।

जिला प्रशासन, नगर निगम और पुलिस विभाग के द्वारा यह निश्चित किया गया था कि जवाहर मार्ग से मृगनयनी होते हुए रिवर साइड कॉरिडोर के क्षेत्र और उसके साथ में शास्त्री मार्केट से रिवरसाइड रोड तथा मृगनयनी चौराहा से रीगल चौराहा तक के क्षेत्र को अतिक्रमण से मुक्त क्षेत्र के रूप में तैयार किया जाएगा। इस फैसले के कार्यक्रम में कल नगर निगम की टीम पुलिस विभाग को साथ में लेकर जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ सड़क पर निकली। इस टीम के साथ तीन पुलिस थानों का बल मौजूद था। इस टीम के द्वारा 60 दुकानों के बाहर से सामान हटाया गया। कल की गई कार्रवाई में 11 टन सामान जब्त किया गया। इस कार्रवाई के दौरान यह देखा गया कि नगर निगम की टीम के द्वारा कार्रवाई करके चले जाने के बाद शाम के समय पर फिर से सड़क पर दुकान लगा ली गई। ऐसे में नगर निगम की टीम को फिर से शाम को हटाने के लिए पहुंचना पड़ा।

इस स्थिति को देखते हुए नगर निगम के द्वारा अपनी योजना में तब्दीली की गई है। निगम के द्वारा यह निश्चित किया गया है कि अब रोज सुबह और शाम कार्रवाई की जाए। इसके तहत हर दिन सुबह 12 से 2 बजे तक और शाम को 4 से 7 बजे तक कार्रवाई की जाएगी। इस तरह से तीन सड़कों पर हर दिन 5 घंटे कार्रवाई करते हुए यह सुनिश्चित किया जाएगा कि किसी भी हालत में इन सड़कों पर अतिक्रमण नहीं हो। इसके लिए नगर निगम के द्वारा पुलिस थाने को भी सूचित कर दिया गया है। निगम की कार्रवाई करने वाली टीम को भी इस नई प्लानिंग के हिसाब से काम करने के लिए कहा गया है।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 1 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 4 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें