बाणगंगा थाना क्षेत्र में साइबर ठगों ने ऑनलाइन धोखाधड़ी की तीन अलग-अलग वारदातों को अंजाम देते हुए तीन लोगों को कुल 5 लाख 87 हजार रुपये से अधिक का चूना लगा दिया। शातिर ठगों ने किसी का बिजली बिल काटने का डर दिखाकर, तो किसी का मोबाइल फोन हैक कर बैंक खातों से लाखों रुपये पार कर दिए। पुलिस ने तीनों मामलों में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। न्यू जगन्नाथ नगर निवासी भजनलाल पिता प्रेमनारायण विश्वकर्मा को अज्ञात नंबर 8274817464 से कॉल आया। फोन करने वाले ने खुद को बिजली विभाग का कर्मचारी बताते हुए कहा कि बिल पेंडिंग है और डिटेल्स अपडेट न करने पर रात में बिजली काटने की धमकी दी। आरोपी ने व्हाट्सएप पर एक लिंक भेजी, जिसे खोलते ही फरियादी का मोबाइल हैक होकर हैंग हो गया। इसके बाद ठग ने उनके एक्सिस बैंक, कोटक महिंद्रा और एचडीएफसी बैंक के क्रेडिट कार्ड से 11 ट्रांजेक्शन कर कुल 2,06,000 रुपये डेबिट कर लिए। दूसरी वारदात बैजनाथ धाम कॉलोनी रेवती निवासी रविंद्र सिंह पिता जीत सिंह यादव के साथ हुई। फरियादी ने जब अपना मोबाइल चेक किया तो पता चला कि उनके एक्सिस बैंक क्रेडिट कार्ड और एसबीआई खाते से फ्लिपकार्ट के माध्यम से 2 अलग- अलग ट्रांजेक्शन में 1,25,000 रुपये का मोबाइल खरीद लिया गया है। जांच में सामने आया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनका फोन हैक कर इस धोखाधड़ी को अंजाम दिया है।
वहीं ठगी की तीसरी वारदात जगन्नाथ नगर निवासी उमेश पंवार के साथ सामने आई है। फरियादी ने जब अपने बैंक खाते का स्टेटमेंट चेक किया, तो उनके होश उड़ गए। उनके खाते से 6 अलग-अलग ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 2,56,658 रुपये डेबिट हो चुके थे। पीड़ित का आरोप है कि किसी अज्ञात साइबर ठग ने उनका मोबाइल फोन हैक कर इस धोखाधड़ी को अंजाम दिया है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 25 अगस्त 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




