सोमवार, 12 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
इंदौर

स्विमिंग पूल उद्घाटन में चाय-नाश्ते के लिए मची लूटमार

पहली बार निगम के आयोजन में नाम मात्र की थी चाय नाश्ते की व्यवस्था

नगर निगम के द्वारा कल नेहरू पार्क के स्विमिंग पूल का उद्घाटन किया गया। इस उद्घाटन के कार्यक्रम में चाय-नाश्ते के लिए लूटमार मच गई। पहली बार नगर निगम के कार्यक्रम में चाय-नाश्ते की व्यवस्था नाम मात्र की की गई थी।

पिछले 2 साल से बंद पड़े नेहरू पार्क के स्विमिंग पूल का कल क्षेत्र के विधायक महेंद्र हार्डिया और महापौर पुष्यमित्र भार्गव के द्वारा उद्घाटन किया गया। इस उद्घाटन के लिए स्विमिंग पूल पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए 150 से ज्यादा लोग पहुंच गए थे। इसमें बहुत बड़ी संख्या में वह लोग थे जो कि इस स्विमिंग पूल के लाइफटाइम मेंबर है। यह सभी लोग पिछले कई महीनो से इस स्विमिंग पूल के शुरू होने का इंतजार कर रहे थे। यही कारण है कि कल के कार्यक्रम में भाग लेने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे।

इस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए गए लोगों के लिए नगर निगम के द्वारा चाय नाश्ते की व्यवस्था की गई थी। इस बार नगर निगम की व्यवस्था बहुत ज्यादा कमजोर थी। निगम ने नाम मात्र का चाय-नाश्ता रखा था। जैसे ही कार्यक्रम समाप्त हुआ वैसे ही लोग चाय-नाश्ते की टेबल पर टूट पड़े। ऐसे में मारामारी के बीच गाने चुने लोगों को ही चाय-नाश्ता मिल सका। जिन्हें यह चाय-नाश्ता मिला उन्होंने कर लिया और बाकी लोग निगम को कोसते हुए नजर आए। ऐसा पहली बार हुआ है जब नगर निगम के कार्यक्रम में निगम के द्वारा चाय नाश्ता रखा गया हो और वह इतनी कम मात्रा में कार्यक्रम में पहुंचाया गया हो।

वरिष्ठ नागरिक ने लगा दी छपाक

यह घोषणा की गई थी कि इस स्विमिंग पूल का उद्घाटन महापौर पुष्यमित्र भार्गव के द्वारा पूल में कूद कर तैराकी करते हुए किया जाएगा। जब कार्यक्रम के दौरान यह घोषणा की गई कि अब महापौर इस स्विमिंग पूल में कूदेंगे तो महापौर कूद पाए उसके पहले ही वहां मौजूद एक वरिष्ठ नागरिक ने तैरने के लिए पूल में छलांग लगा दी।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 7 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 5 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें