शहर कांग्रेस ने नगर निगम में नेहरू स्टेडियम 5 दिन के लिए आवेदन लगा रखा है, कांग्रेसियों को पहले से शंका है कि निगम राहुल गांधी के आयोजन के लिए स्टेडियम नहीं देगा। आवेदन मामले में पहली बार कांग्रेस ने भीड़ जुटाई और पहले निगम मुख्यालय पहुंचे और फिर आयुक्त ने कांग्रेसियों को स्मार्ट सिटी कार्यालय नेहरू पार्क बुलवा लिया। कांग्रेसी भीड़ के साथ वहां पहुंचे। निगम आयुक्त से चर्चा भी हुई। वहां किसी तरह का परिणाम तत्काल नहीं निकला, आयुक्त ने विधि विशेषज्ञों से राय लेकर निर्णय लेने की बात कही। इधर कांग्रेसी नेहरू स्टेडियम नहीं होने के तनाव के बीच कल नेहरू पार्क में ट्रेन का लुत्फ लेते नजर आए। हंसीखुशी में कांग्रेसी इस ट्रेन से घूमे, जिसमें जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े, वरिष्ठ नेता राजेश चौकसे, अमन बजाज, दीपक मलोरिया सहित अन्य बैठकर लुत्फ लेते रहे। इधर कांग्रेसियों को कल शाम राहुल गांधी पर प्रकरण की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से शहर कांग्रेस ने दी और उसी के बाद रात 9 बजे कांग्रेसी राजवाड़ा अहिल्या प्रतिमा पर पहुंच गए थे। रात 10.30 बजे तक यह धरना, प्रदर्शन करीब डेढ़ घंटे चला। रात के समय जितनी भीड़ होना थी उनती भीड़ नहीं हुई, फिर भी कांग्रेसियों ने भीड़ जुटा ली थी।
कांग्रेस ने राजवाड़ा पर राहुल गांधी मुद्दे पर ही यह तीसरी बार धरना-प्रदर्शन किया। कल भी राहुल गांधी पर प्रकरण का मुद्दा था और इसके पूर्व राहुल गांधी को पुलिस ने रोके रखा था उस मुद्दे पर कांग्रेसी ने धरना दिया था। कांग्रेसियों ने कहा कि पहली बार आवेदन लगाने कांग्रेसी एकजुटता के साथ निगम आयुक्त पर दबाव बनाने गए थे। वहां निगम आयुक्त से चिंटू चौकसे ने कहा था कि आप युवा अधिकारी है आप युवाओं के मुद्दे पर अच्छे से समझेंगे, जब छात्रों की गूंज कार्यक्रम को लेकर नेहरू स्टेडियम की स्वीकृति देंगे। कांग्रेस व्यवस्था दे रही है, कांग्रेस का आयोजन नहीं है यह छात्रों के हित का आयोजन है। कल धरना पर चिंटू चौकसे, राजेश चौकसे, संजय बाकलीवाल, दीपू यादव, अमन बजाज, इम्तियाज बेलिम, शैलेष गर्ग, साधना भंडारी, सोनिला मिमरोट, अर्चना जायसवाल, शशि हाड़ा, सन्नी राजपाल, गिरिश चितले, सुनील यादव, देवेन्द्रसिंह यादव, दीपक मलोरिया रानू, जीतू दीवान, लोकेश हार्डिया, राजा चौकसे, सहित अन्य मौजूद थे।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 1 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 3 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




