मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
इंदौर

स्वतंत्रता दिवस को लेकर इंदौर एयरपोर्ट पर सुरक्षा बलों की मॉक-ड्रिल

सीआईएसएफ, बीएसएफ और पुलिस ने परखा तालमेल

इंदौर। देवी अहिल्याबाई होल्कर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट और शहर की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए बुधवार को एक वृहद संयुक्त आतंकवाद रोधी मॉक ड्रिल का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल, सीमा सुरक्षा बल और जिला पुलिस द्वारा आयोजित इस उच्च स्तरीय अभ्यास का मुख्य उद्देश्य किसी भी आपातकालीन स्थिति, संदिग्ध गतिविधि या संभावित आतंकी खतरे से निपटने के लिए विभिन्न सुरक्षा बलों की तैयारियों और आपसी तालमेल को परखना था।

मॉक ड्रिल के दौरान एयरपोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को भेदने, संदिग्ध घुसपैठ और आपातकालीन खतरे की एक काल्पनिक स्थिति बनाई गई। घटना की सूचना मिलते ही सीआईएसएफ के त्वरित प्रतिक्रिया दल, बीएसएफ के जवानों और स्थानीय पुलिस ने बिना कोई समय गंवाए पूरे एयरपोर्ट परिसर को अपने सुरक्षा घेरे में ले लिया और त्वरित कार्रवाई करते हुए निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया। इस संयुक्त ड्रिल में बम निरोधक दस्ता, अग्निशमन विभाग और चिकित्सा टीमों ने भी अपनी-अपनी भूमिकाओं का मुस्तैदी से निर्वहन किया। अभ्यास का मुख्य उद्देश्य विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच सूचना के आदान-प्रदान और कम से कम समय में रेस्क्यू व काउंटर ऑपरेशन को अंजाम देने की क्षमता को परखना था। मॉक ड्रिल के समापन पर सभी भाग लेने वाली एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों ने एक समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में अधिकारियों ने जवानों के रिस्पॉन्स टाइम और बेहतरीन आपसी समन्वय की सराहना करते हुए संतोष व्यक्त किया।

इसी क्रम में आगामी स्वतंत्रता दिवस को ध्यान में रखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में इंदौर पुलिस की बीडीडीएस टीम द्वारा दिनांक 11 अगस्त 2026 को ण्-21 मॉल, इंदौर में बम थ्रेट संबंधी मॉक ड्रिल आयोजित की गई। मॉक ड्रिल के दौरान बीडीडीएस प्रभारी श्री खालिद मुश्ताक के नेतृत्व में टीम ने विजय नगर थाना पुलिस व मॉल के सुरक्षा स्टाफ एवं विभिन्न शोरूम के कर्मचारियों को साथ लेकर आपातकालीन परिस्थिति में अपनाई जाने वाली सुरक्षा प्रक्रिया का जीवंत अभ्यास कराया। इसमें लावारिस अथवा संदिग्ध वस्तु मिलने पर तत्काल क्षेत्र को सुरक्षित करने, लोगों को संदिग्ध वस्तु से दूर रखने तथा निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत पुलिस एवं विशेषज्ञ टीम को सूचना देने की प्रक्रिया का अभ्यास कराया गया।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 13 अगस्त 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें