सोमवार, 12 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
इंदौर

डीएवीवी की पार्किंग में पुराने विवाद को लेकर छात्र पर हमला

बोतल और कड़े से वार कर सिर फोड़ा, दो पर केस दर्ज

भंवरकुआं थाना क्षेत्र में देवी अहिल्या यूनिवर्सिटी के स्कूल ऑफ कॉमर्स की पार्किंग में पुराने विवाद की रंजिश को लेकर मारपीट की वारदात सामने आई है। दबंगों ने एक छात्र और उसके दोस्त से गाली- गलौज करते हुए कड़े और कांच की बोतल से सिर पर वार कर उसे लहूलुहान कर दिया। मारपीट में पीड़ित का मोबाइल टूट गया और गले की सोने की चेन भी गिर गई। भंवरकुआं पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, मूल रूप से देवास निवासी और हाल निवासी इंद्रपुरी इंदौर महेंद्र पिता मेहताब सिंह गुर्जर (20)ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपने दोस्त रोनित केरोल के साथ देवी अहिल्या यूनिवर्सिटी परिसर स्थित स्कूल ऑफ कॉमर्स की पार्किंग में खड़ा था। इसी दौरान पुराने विवाद की रंजिश को लेकर आरोपी जतिन खिची और कुलदीप राठौर अपने अन्य साथियों के साथ वहां पहुंचे और सरेराह गालियां देने लगे। जब फरियादी ने गाली-गलौज करने से मना किया, तो आरोपी और उनके साथी हिंसक हो गए और हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच आरोपी जतिन खिची ने हाथ में पहने भारी कड़े से महेंद्र के सिर पर हमला कर दिया। वहीं आरोपी कुलदीप राठौर ने पास पड़ी कांच की बोतल उठाकर फरियादी के सिर पर दे मारी, जिससे सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट आई और खून बहने लगा। मारपीट और झूमाझपटी के दौरान पीड़ित का मोबाइल फोन टूट गया और गले में पहनी सोने की चैन वहीं गिर गई। भंवरकुआं थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 16 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 8 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें