आयुक्त क्षितिज सिंघल ने मास्टर प्लान सड़कों के तीन पैकेजों (1,2, 4)की निर्माण एजेंसियों, ठेकेदारों एवं कंसल्टेंट्स के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर में प्रगतिरत मास्टर प्लान सड़कों के निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए निर्माण एजेंसियों को स्पष्ट समय-सीमा निर्धारित कर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। आयुक्त ने पैकेज-1 की निर्माण एजेंसी विक्ट्री वन के प्रतिनिधियों को नेमिनाथ से जिंसी होते हुए लक्ष्मीबाई प्रतिमा तक दो लेन सड़क निर्माण कार्य 30 अक्टूबर तक पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने पैकेज के अंतर्गत अन्य प्रचलित सड़क निर्माण कार्यों में भी तेजी लाने तथा आवश्यकतानुसार पृथक टीम लगाकर कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। पैकेज-2 की निर्माण एजेंसी एसकेएस कंस्ट्रक्शन के प्रतिनिधियों को सांवेर रोड पेट्रोल पंप से शिवशक्ति नगर तक सड़क निर्माण कार्य 25 अक्टूबर तक पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही एमआर-5 से पीएमएवाई तक सड़क निर्माण में पुलिया निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा भामोरी से एयरप्लेन चौराहे तक प्रगतिरत सड़क पर पृथक रूप से पुलिया निर्माण कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए। आयुक्त ने संबंधित एजेंसी को सड़क निर्माण कार्यों में आवश्यक संसाधन एवं श्रमिक बढ़ाकर गति प्रदान करने के निर्देश दिए। पैकेज-4 की निर्माण एजेंसी पी.डी. अग्रवाल इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के प्रतिनिधियों को मूसाखेड़ी से श्री सांवरिया धाम मंदिर तक सर्विस रोड का निर्माण 30 अक्टूबर तक पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। गुटकेश्वर रोड पर गुटकेश्वर मंदिर एवं सदर बाजार की ओर 4 लेन सड़क निर्माण कार्य 25 अक्टूबर तक पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। आयुक्त ने सदर बाजार रोड से गुटकेश्वर मंदिर तक सड़क निर्माण कार्य आगामी तीन माह में पूर्ण करने के लिए आवश्यक कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 9 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 5 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




