इंदौर। शहर में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चंदन नगर थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए जिला अस्पताल के सामने से एक शातिर तस्कर को दबोच लिया। आरोपी के पास से पुलिस ने 2 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। पकड़ा गया आरोपी इलाके में गांजे की सप्लाई करने की नीयत से खड़ा था, लेकिन पुलिस की सतर्कता से उसके मंसूबों पर पानी फिर गया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, पुलिस टीम को मुखबिर से सटीक सूचना प्राप्त हुई थी कि एक संदिग्ध युवक जिला अस्पताल के सामने अवैध मादक पदार्थ गांजा लेकर किसी ग्राहक को देने की फिराक में खड़ा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी के निर्देशन में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया और तत्काल जिला अस्पताल परिसर व आसपास के इलाके की घेराबंदी की गई।
पुलिस को देखते ही संदिग्ध युवक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद पुलिस जवानों ने पीछा कर उसे घेराबंदी कर दबोच लिया। पुलिस द्वारा पकड़े गए युवक की मौके पर तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 2 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना नाम शुभम रसीले निवासी रुस्तम का बगीचा बताया। पुलिस ने गांजा जब्त कर आरोपी शुभम रसीले को हिरासत में ले लिया। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी इतनी बड़ी मात्रा में गांजा कहां से खरीदकर लाया था और शहर में इसे किन-किन लोगों को सप्लाई करने जा रहा था।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 12 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




