सोमवार, 12 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
इंदौर

बायपास को जोड़ने वाली सड़क निर्माण की धीमी रफ्तार

30 फीट एक साइड की सड़क तैयार, दूसरे साइड अधूरा काम

बायपास को जोड़ने वाली सड़क निर्माण की धीमी रफ्तार

राऊ विधानसभा के ग्रामीण क्षेत्र में बिचोली हप्सी रोड से बायपास और देवगुराडिया रोड को जोड़ने वाली मुख्य सड़क का निर्माण कार्य लंबे समय से चलने के बावजूद अभी तक धीमी रफ्तार से चल रहा है। जिसके कारण यहां से गुजरने वाले सैकड़ों वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। वर्तमान में बायपास से भीतर तक नोबल हॉस्पिटल चौराहा पर बिचोली ग्रामीण और देवगुराडिया क्षेत्र को जोड़ने वाले मार्ग तक बन रही लगभग 30 फीट चौड़ी मुख्य सड़क निर्माण और चौड़ीकरण में अब तक एक साइड की सड़क बनकर तैयार हुई है। जबकि दूसरे साइड के हिस्से वाली सर्विस रोड़ का निर्माण कार्य अभी बाकी है।

मां पीतांबरा धाम तक होगा एक जैसे लेवल में नई सड़क का निर्माण

वहीं आईडीए (इंदौर विकास प्राधिकरण) द्वारा बिचोली बाईपास से भीतर नोबल हॉस्पिटल चौराहा और देवगुराडिया रोड को जोड़ने वाली मैन रोड से मास्टरमाइंड स्कूल और मां पीतांबरा धाम तक बनने वाली मुख्य सड़क का निर्माण कार्य वर्तमान में चल रहा है। आईडीए द्वारा करोड़ों की लागत से बनाई जा रही इस मुख्य सड़क का निर्माण कार्य वर्तमान में आधे से ज्यादा पूरा हो चुका है। बताया जा रहा है कि बचे हिस्से में भी सड़क निर्माण और चौड़ीकरण का कार्य जल्द शुरू किया जाएगा ताकि यहां से गुजरने वाले 50 से ज्यादा कालोनियों और सैकड़ों टाउनशिप के हजारों रहवासी परिवारों को भविष्य में आने वाले दिनों में सीधी नई सड़क बनने से बड़ा फायदा मिलेगा। साथ ही परेशानी भी नहीं होगी। जबकि अभी तक सीधी सड़क नहीं होने से हजारों रहवासी परिवार को इतने सालों से खासकर बारिश के मौसम में ऊबड़-खाबड़ सड़क से परेशानी हो रही थी। हालांकि अब कहा जा रहा है कि इस साल के अंत तक हर हाल में मुख्य सड़क निर्माण कार्य आने वाले दिनों में जल्द पूरा हो जाने से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 4 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 8 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें