एमआईसी सदस्य और जलकार्य- सीवरेज प्रभारी अभिषेक शर्मा बबलू ने सभी निर्माणाधीन सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण किया। शर्मा द्वारा अमृत योजना 2.0 एवं नमामि गंगे योजना के अंतर्गत शहर में निर्माणाधीन धनखेड़ी, टिगरिया बादशाह, कबीटखेड़ी, कनाडिया एवं किला मैदान स्थित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के कार्यों का स्थल निरीक्षण किया गया। शर्मा के साथ अधिकारी भी मौजूद थे, सभी ने सुरक्षा के लिए हेलमेट लगा रखे थे। शर्मा ने बताया कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से शहर की सीवरेज व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा उपचारित जल के पुनः उपयोग को व्यापक स्तर पर बढ़ावा मिलेगा। शर्मा ने कहा कि अभी सिरपुर स्थित 20 एमएलडी क्षमता का सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट पूर्ण क्षमता के साथ संचालित हो रहा है। यहां प्रतिदिन उपचारित जल का पुनः उपयोग करते हुए लगभग 28 उद्यानों एवं सिरपुर तालाब को पानी उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे स्वच्छ जल संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन तथा सतत जल प्रबंधन को प्रभावी बढ़ावा मिल रहा है। अब जो प्लांट तैयार हो रहे हैं उनसे काफी फायदा मिलेगा।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 4 अगस्त 2026 के अंक में पृष्ठ 2 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




