धार रोड स्थित ग्राम पंचायत बांक क्षेत्र की कुछ सड़क के एक्सपेंशन जॉइंट में उत्पन्न हुई असमानता एवं खराब स्थिति के कारण वाहन चालकों, विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है। बांक पंचायत के सरपंच सोहराब पटेल ने बताया कि सड़क के बीच स्थित एक्सपेंशन जॉइंट कई स्थानों पर असमान एवं उभरा हुआ है। तेज गति से आने वाले दोपहिया वाहनों के पहिए इसके संपर्क में आने पर वाहन का संतुलन बिगड़ जाता है, जिससे चालक गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। दुर्घटना के दौरान सड़क के बीच स्थित डिवाइडर से टकराने के कारण गंभीर चोट लगने की आशंका भी बनी रहती है। ग्राम पंचायत बांक के सरपंच ने बताया कि उक्त मार्ग पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन होता है। ऐसे में सड़क के एक्सपेंशन जॉइंट की वर्तमान स्थिति आमजन की सुरक्षा के लिए गंभीर चिंता का विषय है। विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों और रात्रि के समय इस स्थान पर दुर्घटना का खतरा और अधिक बढ़ जाता है। यह रोड राष्ट्रीय राजमार्ग भी है। इसलिए इसकी तत्काल जॉइंट की तकनीकी जांच होना चाहिए और मरम्मत के साथ समतलीकरण का कार्य भी कराया जाना चाहिए, जिससे दुर्घटनाएं रूक सके।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 13 अगस्त 2026 के अंक में पृष्ठ 2 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




