मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
इंदौर

सारेगामा के कृष्णा पर निगम की नजर पुराने मनोरंजन कर की भी होगी वसूली

शहर में मनोरंजन कर को लेकर नगर निगम और इवेंट एजेंसियों के बीच एक बार फिर विवाद की स्थिति बनती नजर आ रही है। दिलजीत दोसांझ के लाइव कंसर्ट के…

शहर में मनोरंजन कर को लेकर नगर निगम और इवेंट एजेंसियों के बीच एक बार फिर विवाद की स्थिति बनती नजर आ रही है। दिलजीत दोसांझ के लाइव कंसर्ट के बाद अब 22 और 23 अगस्त को होने वाले मनोज मुंतशिर के नाटक ‘कृष्णा’ को लेकर नगर निगम ने आयोजक कंपनी सारेगामा पर नजरें टिका दी हैं। निगम के राजस्व विभाग ने आयोजन से पहले ही मनोरंजन कर जमा कराने की तैयारी शुरू कर दी है।

नगर निगम राजस्व समिति के प्रभारी निरंजन सिंह चौहान ने बताया कि पिछले आयोजन का बकाया मनोरंजन कर भी संबंधित कंपनी से वसूला जाएगा। इसके साथ ही आगामी ‘कृष्णा’ नाटक का एडवांस मनोरंजन कर जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं। उनका कहना है कि आयोजन के दौरान कर वसूली को लेकर किसी तरह की स्थिति निर्मित न हो, इसके लिए पहले से ही प्रक्रिया पूरी कराई जा रही है। गौरतलब है कि हाल ही में इंदौर में हुए दिलजीत दोसांझ लाइव कंसर्ट को लेकर नगर निगम ने आयोजन से जुड़ी कंपनी सारेगामा पर मनोरंजन कर जमा नहीं करने का आरोप लगाया था। इसी के बाद अब आगामी आयोजन पर निगम की निगाह है। निगम और इवेंट एजेंसियों के बीच मनोरंजन कर को लेकर पहले भी कई बार विवाद सामने आ चुके हैं। ऐसे मामलों में निगम की कार्रवाई उपकरण जब्ती तक पहुंची है। निगम का राजस्व विभाग मनोरंजन कार्यक्रमों से मिलने वाले कर को लेकर लगातार सख्ती का दावा करता रहा है। वहीं, बड़े आयोजनों में टिकट बिक्री और आयोजन से जुड़े कर की गणना को लेकर एजेंसियों और निगम के बीच मतभेद सामने आते रहे हैं। इंदौर नगर निगम की आधिकारिक वेबसाइट पर राजस्व विभाग का भी उल्लेख है। जब ‘कृष्णा’ नाटक से पहले निगम द्वारा एडवांस टैक्स की मांग और पुराने बकाये की वसूली की बात सामने आने से मामला फिर गर्मा गया है। आगामी दिनों में यह देखना होगा कि आयोजन कंपनी निगम की मांग के अनुसार भुगतान करती है या मनोरंजन कर को लेकर एक बार फिर विवाद खड़ा होता है।

1- दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट (दिसंबर 2024): शहर में हुए इस बड़े शो के बाद आयोजकों पर तय मनोरंजन कर का भुगतान किए बिना ही निकलने के आरोप लगे, जिससे नगर निगम को राजस्व का बड़ा नुकसान हुआ।

2- यो यो हनी सिंह का कॉन्सर्ट (मार्च 2025) शो के टिकटों की ऑनलाइन बिक्री के आधार पर इंदौर नगर निगम ने आयोजकों से 50 लाख रुपये एडवांस टैक्स की मांग की थी। आयोजकों द्वारा पूरा कर न चुकाए जाने पर शो के तुरंत बाद निगम ने कार्रवाई करते हुए आयोजन स्थल से करीब 1 करोड़ रुपये का साउंड सिस्टम और एलईडी जैसी सामग्री जब्त कर ली थी। 3- करण औजला का कॉन्सर्ट (मार्च 2026) इस आयोजन के दौरान भी टैक्स चोरी के गंभीर आरोप सामने आए। निगम का दावा था कि सवा करोड़ रुपये के कर के मुकाबले आयोजकों ने केवल 27 लाख रुपये ही जमा किए और बड़े पैमाने पर टिकट बिक्री की जानकारी छिपाई गई।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 21 अगस्त 2026 के अंक में पृष्ठ 5 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें