इंदौर नगर निगम के द्वारा चार उद्योगों पर 3.60 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया है। इन उद्योगों के द्वारा केमिकल वेस्ट का गंदा पानी खुले में छोड़ने का काम किया जा रहा था। अपर आयुक्त प्रखर सिंह ने बताया कि जोन क्रमांक 17 के वार्ड क्रमांक 19 के अंतर्गत औद्योगिक क्षेत्र के सेक्टर-सी एवं सेक्टर-ई में निरीक्षण के दौरान अनुपचारित जल एवं ईटीपी से संबंधित नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर चार औद्योगिक इकाइयों के विरुद्ध स्पॉट फाइन की कार्रवाई की गई। निरीक्षण के दौरान संबंधित कंपनियों द्वारा ईटीपी का संचालन नहीं करने अथवा सीवर एवं अनुपचारित जल सीधे नाले में प्रवाहित किए जाने की स्थिति सामने आई। यहां पर नेहा प्लास्टिक कंपनी में ईटीपी प्लांट बंद पाए जाने एवं पानी नाले में प्रवाहित किए जाने पर 1 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। द वरुण फूड्स, सेक्टर-ई में ईटीपी फ्लो मीटर बंद पाए जाने पर 60 हजार रुपये का जुर्माना किया गया। श्रीराम इंडस्ट्रीज में ईटीपी प्लांट नहीं होने पर 1 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। रमेश टेक्सटाइल्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, सेक्टर-सी में सीवर का पानी सीधे नाले में छोड़े जाने पर 1 लाख रुपये का जुर्माना किया गया है। इस प्रकार चारों औद्योगिक इकाइयों पर कुल 3 लाख 60 हजार रुपये का स्पॉट फाइन किया गया। कार्रवाई के दौरान संबंधित कंपनियों के पानी के पाइप आउटलेट बंद कराए गए तथा सभी इकाइयों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए। सिंह ने बताया कि संबंधित कंपनियों को स्वीकारोक्ति शपथ पत्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही चालान की छायाप्रति एवं ईटीपी से संबंधित आवश्यक दस्तावेजों की छायाप्रति सहित सोमवार तक आयुक्त के समक्ष उपस्थित होने के लिए कहा गया है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 29 November 2026 के अंक में पृष्ठ 4 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




