अग्रसेन चौराहे से मधु मिलन तक मास्टर प्लान की बन रही फीडर रोड सड़क निर्माण कार्य ने अब पहले से दुगनी रफ्तार पकड़ ली है। जिसके तहत अब तेजी के साथ तीसरे चरण का काम भी शुरू हो गया है। तीसरे चरण में निगम ने जगन्नाथ धर्मशाला के सामने से लेकर छावनी चौराहा तक के बड़े हिस्से में खुदाई कर लाइन डालने और सड़क निर्माण के साथ चौड़ीकरण कार्य में तेजी लाकर काम की शुरूआत भी कर दी है। जबकि इससे पहले मधुमिलन से दवा बाजार के सामने तक के बड़े हिस्से में खुदाई कर लाइन डालने का काम तेजी के साथ चल रहा है। यही नहीं दिन – रात निर्माण कार्य चलने से यहां काम नजर भी आ रहा है। जबकि अन्य जगह से लगातार शिकायत सामने आ रही है कि मास्टर प्लान की सड़कों का काम धीमी रफ्तार से चल रहा है, लेकिन यहां के लोग काम की स्पीड से संतुष्ट है।
वहीं मास्टर प्लान की छावनी जगन्नाथ सेतु पुल से दवा बाजार तक बन रही फीडर रोड़ सड़क निर्माण कार्य के लिए सड़क प्रोजेक्ट से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि हमारा प्रयास है कि अगले माह दशहरे तक हर हाल में जल्द से जल्द सड़क निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाए ताकि क्षेत्र के रहवासी परिवार और व्यापारी बंधुओं को भी कम परेशानी हो। जिसको लेकर इन दिनों रात-दिन दुगनी तेजी के साथ निर्माण कार्य चल रहा है।
गौरतलब है कि वर्तमान में दवा बाजार से आगे दो नंबर स्कूल मैदान से श्रद्धानंद मार्ग लक्ष्मीनारायण दूध वाले के सामने तक और यहां से मथुरावाला मिठाई वाले की बिल्डिंग तक सीमेंटेड सड़क चौड़ीकरण और निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। जबकि दूसरी तरफ तीसरे चरण में छावनी चौक से लेकर जगन्नाथ धर्मशाला के सामने तक खुदाईकर लाइन डालने का काम भी अब शुरू कर दिया है। यही नहीं सड़क निर्माण कार्य के चलते इन दिनों अग्रसेन चौराहा से छावनी आने वालों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यही नहीं छावनी मंडी जाने वाले वाहन चालकों को भी परेशानी हो रही है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 8 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 8 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




