लसूड़िया और भंवरकुआं थाना क्षेत्रों में हुए अलग-अलग सड़क हादसों में एक महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई। लसूड़िया थाना पुलिस के मुताबिक, हादसा बायपास पर डीपीएस स्कूल के पास हुआ। ग्राम गुराड़िया सांवेर निवासी सपना पति सुरेश बारेले (30) बुधवार देर शाम अपने मायके राजपुरा से लौट रही थी। वह अपने पति सुरेश और दो मासूम बच्चों के साथ बाइक पर सवार थी। बताया जा रहा है कि डीपीएस स्कूल के पास बदहाल और खराब सड़क के कारण पति सुरेश ने जैसे ही बाइक को धीमा करने के लिए अचानक ब्रेक लगाया, पीछे बैठी सपना अनियंत्रित होकर सिर के बल सड़क पर जा गिरी। सिर में गंभीर चोट आने पर पति बिलखते हुए उसे ऑटो से अस्पताल लेकर पहुँचा, लेकिन डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक महिला का पति मजदूरी का काम करता है।
होल्कर ब्रिज पर हादसे में युवक की मौत
इधर होल्कर ब्रिज के पास बुधवार रात हुए एक अन्य हादसे में गंभीर रूप से घायल प्रशांत पिता सतीश (35) निवासी तलावली चांदा की भी उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद एंबुलेंस की मदद से उसे एमवाय अस्पताल भर्ती कराया गया था। पुलिस ने सभी मामलों में मर्ग कायम कर हादसों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। वहीं भंवरकुआं थाना क्षेत्र में 9 जून को हुए हादसे के शिकार हुए भूरे पिता रामलाल (24) निवासी सुंदेल, देवास ने बुधवार देर रात इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। भूरे आदिवासी रैली में शामिल होने आया था। वह भंवरकुआं थाना क्षेत्र में पवार जिम के पास अपनी बाइक पर नियंत्रण खो बैठा था और सीधे डिवाइडर से जा टकराया था। उसे इलाज के लिए अस्पताल में दाखिल किया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 13 अगस्त 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




