छात्रों की गूंज कार्यक्रम के लिए महिला प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रीना बौरासी बीते कई दिनों से तैयारियों में जुटी थी। उन्होंने इंदौर के अलावा कई जिलों की छात्राओं से इस कार्यक्रम को लेकर मुलाकात की थी। बौरासी कल कार्यक्रम स्थल पर भी सैकड़ों छात्राओं के झूंड के साथ पहुंची। वे भोलाराम उस्ताद मार्ग से ही कार्यक्रम स्थल तक पैदल मार्च के रूप में छात्राओं के साथ गई। इसके कारण कार्यक्रम स्थल पर हलचल मच गई। बीते 15 दिनों से छात्रों की गूंज कार्यक्रम के लिए बड़ा अभियान चलाया जा रहा था। इस अभियान में कार्यक्रम में छात्रों को लाने के लिए कांग्रेसियों ने ऐड़ी-चोटी का जोर लगाया। इसमें रीना बौरासी की भी बड़ी भूमिका रही। उन्होंने कॉलेज, होस्टल, सड़क और युवाओं के ठीयो पर जाकर कई रजिस्ट्रेशन कराए, नुक्कड़ नाटकों तक का आयोजन भी किया। यह सब जब प्रदेश के नेताओं ने राहुल गांधी को बताया और कहा कि कार्यक्रम के लिए बौरासी ने बहुत मेहनत की है। इसके परिणाम स्वरूप बौरासी को कार्यक्रम के बाद राहुल ने मंच पर बुलाया और उनके कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें दिल्ली आने के लिए न्यौता भी दे दिया।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 20 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 2 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




