इस समय बारिश का मौसम चल रहा है लेकिन शहर में पानी की समस्या कम होने या खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। इस स्थिति में अपने क्षेत्र की पानी की समस्या का समाधान करने के लिए अब विधायक आगे आने लगे हैं।
हमेशा तो शहर में केवल गर्मी के मौसम में पानी की समस्या पैदा होती थी। इस साल गर्मी के मौसम में पानी की समस्या सबसे ज्यादा पैदा हुई। हर नागरिक पानी की कमी से दो-दो हाथ करता हुआ नजर आया। बड़ी संख्या में बोरिंग बंद हो जाने के कारण यह समस्या ज्यादा गंभीर हो गई थी। ऐसे में नगर निगम तो नागरिकों को उनकी आवश्यकता की पूर्ति करने के लिए पानी नहीं दे सका लेकिन हां लोगों ने जरूर प्रायवेट टैंकर वालों से पानी खरीद कर अपनी आवश्यकता की पूर्ति कर ली। यह पानी की समस्या अब बारिश के मौसम में भी समाप्त होने का नाम नहीं ले रही है। इस समय भी शहर के बहुत सारे क्षेत्र में पानी की समस्या सिर उठाकर बोलती हुई नजर आ रही है। बड़ी संख्या में नागरिक इस स्थिति से परेशान है कि उनके घर पर नल में पानी नहीं आ रहा है, हर घर नल और हर नल-जल का नारा लगाने वाली भाजपा की परिषद कार्यकाल में ही लोग पानी के लिए बुरी तरह परेशान हो रहे हैं।
इस स्थिति को देखते हुए अब विधायकों के द्वारा अपने विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले विभिन्न वार्ड की पानी की समस्या का समाधान करने के लिए नगर निगम के अधिकारियों के साथ बैठक की जा रही है और योजना तैयार करवाने का काम किया जा रहा है। जहां भी पानी की समस्या है वहां के लिए नगर निगम के पास तो एक ही जवाब है कि जब अमृत 2.0 का काम होगा तो वहां पर पानी आने लगेगा। यह काम अभी इतनी ज्यादा धीमी गति से चल रहा है कि इसे पूरा होने में तीन-चार साल का समय लगेगा। ऐसे में इतने समय तक नागरिक पानी की समस्या से दो-दो हाथ कैसे कर सकेंगे। यही कारण है कि अब विधायक के द्वारा कोशिश करके इस समस्या का समाधान करवाने की कोशिश की जा रही है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 25 अगस्त 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




