इंदौर विकास प्राधिकरण ने कल रिजनल पार्क के सामने मैदान की स्वीकृति दे दी। कांग्रेस को पहले से इसी मैदान के लिए स्वीकृति का भरोसा था। इसीलिए कांग्रेस ने पहले से इस मैदान की सफाई व्यवस्था शुरू करा दी थी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के समर्थक यहां पहले से गणेशोत्सव और नवरात्रि का आयोजन कराते आए हैं और इसी गणेशोत्सव के नाम पर टीम पटवारी ने जेसीबी बुलवाकर मिट्टी समतल कराना और कचरा हटवाना शुरू करवा दिया था यह काम अभी भी जारी है। अब राहुल गांधी की एआईसीसी टीम यहां कहां टेंट लगेगा, कहा मंच बनेगा, कहां राहुल गांधी के लिए वीआईपी कक्ष बनेगा और कहां एम्बुलेंस खड़ी होगी और कहां सुरक्षा के लोग मौजूद रहेंगे इसकी व्यवस्था देखेंगे। बताया जा रहा है कि इस मैदान पर होने वाला पूरा खर्च प्रदेश कांग्रेस करेगी। कल भी प्रदेश कांग्रेस ने ही 10 लाख से अधिक की राशि प्राधिकरण के खाते में सीधे जमा कराई। इधर कांग्रेसी बोल रहे हैं कि रिजनल पार्क की स्वीकृति के बाद अब छात्रों को आने-जाने में आसानी होगी। कांग्रेस को इस मैदान से यह फायदा भी है कि समीप ही भंवरकुआं, विष्णुपुरी इंद्रपुरी, भोलाराम उस्ताद मार्ग और छात्रावास बड़ी संख्या में हैं और यहां से छात्र जल्दी ही रिजनल पार्क मैदान पहुंच जाएंगे उन्हें आने- जाने के लिए ज्यादा दिक्कत नहीं होगी और राहुल गांधी का छात्रों की गूंज कार्यक्रम सुचारु होगा।
इधर रिजनल पार्क से लेकर आसपास के क्षेत्रों में भी छात्र निवास करते हैं और आर्टस एंड कॉमर्स कॉलेज, होल्कर कॉलेज के अलावा खंडवा रोड पर कई कॉलेज भी है और वहां भी छात्रावास है इसलिए सीमित साधन में छात्र आसानी से रिजनल पार्क पहुंच जाएंगे। आयोजन से जयस संगठन भी जुड़ा है, इसलिए समाज के छात्र भी जो राहुल गांधी को पसंद करते हैं वे भी आसानी से पहुंच जाएंगे। अब कांग्रेसी पूरी ताकत भोलाराम उस्ताद मार्ग और खंडवा रोड पर लगाएंगे। आज भी कुछ कांग्रेस डीजे कार्यक्रम और छात्रों से मुलाकात के कई कार्यक्रम है। कांग्रेसियों का अब यह भी कहना है कि राहुल गांधी कार्यक्रम छात्रों की गूंज में जितने छात्र अंदर होंगे उतने ही बाहर रहेंगे। कल भी कांग्रेसी कई कार्यक्रम में व्यस्त रहे और आज ब्लॉक व मंडलम स्तर पर भी छात्रों की गूंज कार्यक्रम को लेकर मेल मुलाकात के कई कार्यक्रम है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े, डॉ. दौलत पटेल और शहर के चिन्टू चौकसे, संजय बाकलीवाल, शैलेष गर्ग, अमन बजाज, दीपू यादव सहित अन्य भी आयोजन में पूरी तरह ताकत लगा रहे हैं। प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष रीना बोरासी ने भी कल आयोजन किया था वे एक सप्ताह पूरे इसी आयोजन से जुड़ी हुई है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 12 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 3 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




