अटल इंदौर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेस लिमिटेड परिसर में मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा एवं पीएम ई-बस सेवा योजना के अंतर्गत मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा वंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में हरी झंडी दिखाने जनप्रतिनिधि तुलसीराम सिलावट, शंकर लालवानी, महेन्द्र हार्डिया, मालिनी गौड़, मधु वर्मा, नंदकिशोर पहाड़िया के अलावा शिवम वर्मा भी मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों ने कहा शहरी एवं इंटरसिटी मार्गों पर यात्रियों को सुगम, सुरक्षित एवं दीर्घकालीन सार्वजनिक परिवहन सेवा उपलब्ध कराने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल है। संगठित रूप से संचालित होने वाली इन बसों में यात्रियों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं के साथ आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी, जिससे आमजन का आवागमन और अधिक सुविधाजनक होगा। बसों में महिला सुरक्षा के लिए पैनिक बटन, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी तथा लाइव ट्रैकिंग सिस्टम के माध्यम से मॉनिटरिंग की सुविधा रहेगी। इसके साथ ही इलेक्ट्रिक एसी बसों, डिजिटल एवं यूपीआई टिकटिंग पेमेंट सिस्टम तथा रियायती पास, दिव्यांग पास एवं विद्यार्थी पास जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। पीएम ई-बस सेवा के माध्यम से वर्तमान में 70 ई-बसों का संचालन किया जा रहा है, जिसे भविष्य में बढ़ाकर 150 बसों तक किया जाएगा। पीएम ई-बस सेवा के माध्यम से सार्वजनिक परिवहन के आधुनिक मॉडल को विस्तार दिया जा रहा है। इन बसों से प्रमुख शहरों के साथ महत्वपूर्ण तीर्थस्थलों एवं महानगरों तक आवागमन को सुगम बनाने में मदद मिलेगी।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 1 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 4 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




