जिले में इस बार मानसून सामान्य से अधिक सक्रिय बना हुआ है। 1 जून से 28 जुलाई तक इंदौर जिले में 393.7 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है। यह पिछले वर्ष की समान अवधि में हुई 258.2 मिलीमीटर बारिश की तुलना में 135.5 मिलीमीटर अधिक है। इसके बावजूद इंदौर के लोगों को अभी तक गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही है। अभी शहर की जनता को तेज और जोरदार बारिश का इंतजार है।
भू-अभिलेख कार्यालय के अनुसार, मंगलवार सुबह 8:30 बजे समाप्त हुए पिछले 24 घंटों में जिले में औसतन 7.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इस दौरान गौतमपुरा में सबसे अधिक 25.7 मिमी, देपालपुर में 9.8 मिमी, इंदौर शहर में 7.5 मिमी, महू में 1.6 मिमी और सांवेर में 0.5 मिमी वर्षा हुई, जबकि हातोद में बारिश नहीं हुई। मानसून सत्र में अब तक गौतमपुरा 650.3 मिमी वर्षा के साथ जिले में सबसे आगे है। इसके बाद देपालपुर में 450.9 मिमी, इंदौर में 363.5 मिमी, सांवेर में 352.1 मिमी, हातोद में 277 मिमी और महू में 268.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। पिछले 24 घंटे में इंदौर शहर में एक मिली मीटर बारिश भी नहीं हो सकी है। मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे में 0.8 मिली मीटर वर्षा दर्ज की गई है। जबकि इस अवधि के दौरान भी इंदौर के आसमान पर बादल छाए हुए थे और लगातार यह लग रहा था कि इस बार जोरदार बारिश हो जाएगी लेकिन कल का दिन भी ऐसा ही निकल गया है। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी दिनों में भी इंदौर और आसपास के क्षेत्रों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है, जिससे जिले की कुल वर्षा में और बढ़ोतरी हो सकती है। मौसम विभाग की यह जानकारी अपनी जगह है लेकिन हकीकत तो यह है कि अभी भी इंदौर को गर्मी से राहत नहीं मिल सकी है। यह राहत तभी मिलती है जब जोरदार बारिश के कारण जमीन की प्यास मिट जाती है। इसके साथ ही तेज गर्मी के मौसम में जो बोरिंग बंद हो गए थे वह भी अभी तक वापस चालू नहीं हो सके हैं। जब जोरदार बारिश होती है और जमीन के अंदर पर्याप्त पानी चल जाता है तभी यह बोरिंग शुरू हो पाते हैं। अभी तक बोरिंग शुरू नहीं होने के कारण लोगों को पानी की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। नगर निगम के द्वारा किराए पर दिए गए अधिकांश टैंकर बंद कर दिए गए हैं। ऐसे में नागरिकों की समस्या और ज्यादा बढ़ जाती है। इस स्थिति में नागरिकों के द्वारा अधिक बारिश होने का इंतजार किया जाता है।
क्या आज होगी बारिश?
आज गुरु पूर्णिमा का दिन है और इस दिन हमेशा इंदौर में अच्छी बारिश होती है। ऐसे में आज के दिन पर सभी के नजर लगी हुई है और यह सवाल सभी के जेहन में है कि क्या आज बारिश होगी। मौसम विभाग के विशेषज्ञों का कहना है कि आज दोपहर बाद इंदौर में मामूली बारिश हो सकती है। वैसे तेज हवा के चल जाने से यह बारिश आसपास के जिले में भी शिफ्ट हो सकती है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 29 जुलाई 2026 के अंक में पृष्ठ 3 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




