पालदा क्षेत्र में इंदौर नगर निगम द्वारा आवासीय और व्यावसायिक उपयोग के लिए इमारत बनाने का निजी क्षेत्र को ठेका दिया जाएगा। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत बनाई जाने वाली इस इमारत के माध्यम से कमाई की जाएगी।
केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अब तक तो हमेशा नगर निगम द्वारा ही इमारत का निर्माण ठेका देकर किया जाता रहा है। जब इमारत बनकर तैयार हो जाती है तो फिर निगम द्वारा ही उसके फ्लैट का आवंटन किया जाता है। इस योजना के तहत बनाए जाने वाले हर परिसर में नागरिकों के उपयोग की सामग्री की उपलब्धता को सुनिश्चित करने के लिए दुकान भी बनाई जाती है। इन दुकानों का आवंटन नगर निगम द्वारा निश्चित राशि पर किराए पर या प्री होल्ड में किया जाता है। यह तो अब तक नगर निगम द्वारा अपनाई जाने वाली प्रक्रिया थी। अब नगर निगम इस प्रक्रिया में थोड़ा संशोधन करने जा रहा है। निगम के प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए गठित किए गए विभाग द्वारा एक नया प्रस्ताव तैयार किया गया है। इसके अनुसार मास्टर प्लान में प्रावधान की गई सड़क आरई-2 पर कावेरी परिसर में एक नई इमारत का निर्माण किया जाएगा। यह इमारत आवासीय और व्यावसायिक उपयोग के लिए संयुक्त रूप से होगी। यह निर्माण कार्य निजी ठेकेदार द्वारा किया जाएगा। उक्त काम करने के बाद इस ठेकेदार को निर्मित क्षेत्र में से एक निश्चित क्षेत्र नगर निगम को देना होगा जो कि नगर निगम द्वारा लोगों को आवंटित किया जाएगा। बचा हुआ क्षेत्र इस बिल्डिंग को बनाने वाले निजी क्षेत्र के बिल्डर द्वारा स्वयं ही विक्रय किया जाएगा। इस तरह से ही इमारत के निर्माण में नगर निगम को अपनी जेब से पैसा भी नहीं लगाना पड़ेगा और उसे कमाई भी हो जाएगी। इस प्रस्ताव को नगर निगम द्वारा मंजूरी दे दी गई है। अब इस प्रस्ताव के क्रियान्वयन की दिशा में पहल शुरू हो गई है। निगम द्वारा तैयार की गई योजना के अनुसार इस इमारत का निर्माण होने में 36 महीने का समय लगेगा। जो भी बिल्डर इस काम को करने के इच्छुक होंगे उनके लिए निगम के द्वारा 17 सितंबर को एक बैठक रखी गई है। इस बैठक में संबंधित बिल्डर अपनी चिंता, शंका निगम के अधिकारियों के समक्ष रख सकेंगे। निगम के द्वारा इस बैठक में ही उनकी समस्याओं का समाधान करते हुए इस इमारत का निर्माण को सुनिश्चित करने की दिशा में पहल की जाएगी।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 6 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 4 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




