सोमवार, 12 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
इंदौर

झांकी मार्ग देखने निकले अधिकारी तो गड्ढेदार थी सडकें

अब आयुक्त ने कहा इन सड़कों के गड्ढे तत्काल भरवाओ

झांकी मार्ग देखने निकले अधिकारी तो गड्ढेदार थी सडकें

नगर निगम के आयुक्त क्षितिज सिंगल आज सुबह जब अधिकारियों के साथ अनंत चतुर्दशी के चल समारोह के मार्ग को देखने निकले तो उनका सामना गड्ढेदार सड़क से हुआ। सड़क की इस स्थिति को देखकर उनके द्वारा तत्काल सुधार कार्य करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में तो इस सड़क से झांकी निकलना संभव नहीं हो पाएगा।

आगामी अनंत चतुर्दशी पर निकलने वाले ऐतिहासिक झांकी चल समारोह को ध्यान में रखते हुए आज नगर निगम के अधिकारियों के द्वारा दौरा किया गया। अधिकारियों ने भंडारी ब्रिज चौराहे, एमजी रोड, नंदलालपुरा, जवाहर मार्ग, गौराकुंड चौराहा से लेकर राजबाड़ा होते हुए नगर निगम मुख्यालय तक झांकी मार्ग का निरीक्षण किया। सिंघल द्वारा झांकी मार्ग के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया। आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि झांकी चल समारोह से पूर्व आवश्यकतानुसार सड़क पेचवर्क एवं आवश्यक मरम्मत कार्य पूर्ण किए जाएं। मार्ग पर विद्युत व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, सफाई व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं को व्यवस्थित रखा जाए, ताकि झांकी चल समारोह के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। सिंघल ने झांकी मार्ग एवं आसपास स्थित जर्जर एवं खतरनाक भवनों का चिन्हांकन कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने तथा ऐसे भवनों पर स्पष्ट सूचना बोर्ड लगाने के निर्देश दिए, जिससे झांकी चल समारोह के दौरान श्रद्धालुओं एवं नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि झांकी मार्ग की सभी व्यवस्थाओं का सतत निरीक्षण करते हुए आवश्यक कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाएं। साथ ही चल समारोह के दौरान भी संबंधित विभागों की टीमें मार्ग पर सक्रिय रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी सुनिश्चित करें।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 15 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 4 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें