नगर निगम के द्वारा जीपीओ चौराहे से सरवटे बस स्टैंड तक मास्टर प्लान की सड़क का निर्माण करने के लिए तैयारी शुरू कर दी गई है। इस मार्ग पर सड़क निर्माण करने के लिए बड़ी संख्या में मकान में तोड़फोड़ की जाएगी।
निगम के द्वारा अभी मधु मिलन चौराहा से लेकर जगन्नाथ धर्मशाला तक सड़क को बनाने का काम किया जा रहा है। इसमें से बड़े क्षेत्र में सड़क का निर्माण पूरा हो गया है। जितने क्षेत्र में बचा है वहां पर तेज गति के साथ कामकाज किया जा रहा है। यहां सड़क के निर्माण का रास्ता साफ करने के लिए अभी 2 दिन पहले ही छावनी चौराहा पर स्थित मथुरा वाला की मिठाई की दुकान और ऊपर बनी हुई होटल के निर्माण को तोड़ा गया है। यह निर्माण तोड़ दिए जाने के कारण इस स्थान पर सड़क को चौडा करने का रास्ता मिल गया है। मथुरा वाला की बिल्डिंग के पास में स्थित मस्जिद में आपसी सहमति से ही सड़क के लिए स्थान बिना किसी हो हल्ले के दे दिया है। निगम के अधिकारियों ने बताया कि अब जब मधुमिलन से जगन्नाथ धर्मशाला की सड़क का काम अंतिम चरण की तरफ बढ़ने लगा के द्वारा लिए गए इस फैसले के अनुसार ही अब जीपीओ की सड़क के काम को खोलने की तैयारी की जा रही है। निगम के अधिकारियों का मानना है कि अब दीपावली तक इस काम के लिए नहीं रोका जा सकता है। ऐसे में अधिकारियों के द्वारा दीपावली के पहले ही इस क्षेत्र में व्यापक पैमाने पर तोड़फोड़ करते हुए सड़क का रास्ता निकालने का काम किया जाएगा।
नई लाइन भी डाली जाएगी
इस क्षेत्र में सड़क का निर्माण करने के साथ ही पानी और ड्रेनेज की नई लाइन डालने का काम भी किया जाएगा। अधिकारियों का कहना है की लाइन डालने का काम फुटपाथ वाले स्थान पर चलता रहेगा और बाद में करते रहेंगे। सड़क के बीच के स्थान पर तेजी से सीमेंट कांक्रीट की सड़क के निर्माण को करने को प्राथमिकता दी जाएगी। इन अधिकारियों का कहना है कि इस सड़क का काम जितनी जल्दी शुरू होगा उतनी जल्दी उसे पूरा किया जा सकेगा। ध्यान रहे कि छावनी चौराहे से लेकर राज टॉकीज तक के स्थान पर इस सड़क में कोई बहुत ज्यादा बाधा नहीं है। मसीही भवन से लेकर सरवटे तक और जीपीओ चौराहे से लेकर छावनी चौराहे तक के क्षेत्र में ही ज्यादा बाधाएं हैं।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 5 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 5 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




