मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
इंदौर

निगम ने 6.5 करोड़ का रेन वाटर हार्वेस्टिंग शुल्क वसूला

350 इंजीनियरों को जारी किया नोटिस और मांगा जवाब

शहर में चाहे बारिश नहीं हो रही हो लेकिन नगर निगम का पूरा ध्यान रेन वाटर हार्वेस्टिंग पर है। निगम के द्वारा 6.5 करोड रुपए का रेन वाटर हार्वेस्टिंग शुल्क वसूल किया जा चुका है। इसके साथ ही निगम ने 350 इंजीनियरों को नोटिस जारी कर उनसे जवाब भी मांगा है।

इस साल तो इंदौर में कम वर्षा और सूखे की आशंका पैदा हो गई है। सावन का महीना खाली बीत गया है। अब सारी उम्मीद भादो मास पर टिकी हुई है। इस महीने में भी कल हुई आधा इंच बारिश के अलावा कोई पानी इंदौर में नहीं बरस रहा है। सारा शहर पानी के लिए आसमान की तरफ देख रहा है लेकिन ऐसा लगता है कि इस बार तो पानी इंदौर से रूठ ही गया है। भोपाल की स्थिति भी खराब थी लेकिन वहां पर पिछले दिनों में हुई जोरदार बारिश के कारण पानी का कोटा पूरा हो गया है। इंदौर को बारिश के मौसम में कम से कम 40 इंच पानी की जरूरत रहती है। अभी तक इससे आधा पानी भी नहीं हुआ है। इस स्थिति के बीच भी इंदौर नगर निगम के द्वारा वाटर हार्वेस्टिंग को लेकर अपना अभियान निरंतर रखा गया है। निगम के अधिकारियों ने बताया कि 6000 से ज्यादा भवनों के मालिक से वाटर हार्वेस्टिंग शुल्क के रूप में 6.5 करोड रुपए जमा करवाए गए हैं। यह राशि जमा होने के बाद नगर निगम के द्वारा अन्य इमारतें में भी वाटर हार्वेस्टिंग का काम करवाने पर जोर दिया जा रहा है। निगम के द्वारा पिछले सालों में 400 से ज्यादा इमारत का निर्माण करने में शामिल रहे 350 इंजीनियरों के नाम पर नोटिस जारी किए गए हैं। इस नोटिस में उनसे कहा गया है कि 7 दिन में उनके द्वारा निर्मित करवाई गई इमारत में वाटर हार्वेस्टिंग का काम करके फोटो सहित रिपोर्ट प्रस्तुत करें। यदि इन इंजीनियरों के द्वारा रिपोर्ट नहीं दी जाएगी तो इन पर कार्रवाई की जाएगी। यह सभी प्राइवेट इंजीनियर है।

कुएं बावड़ी का हिसाब नहीं- निगम के द्वारा प्राइवेट इंजीनियरों और भवन निर्माता पर तो वाटर हार्वेस्टिंग का काम करने के लिए खूब दबाव बनाया जा रहा है। यह काम नहीं करने पर नोटिस जारी किया जाता है, चालान बनाया जाता है और पैसा वसूल किया जाता है। इतना सब करते हुए भी नगर निगम का ध्यान सरकारी कुएं बावड़ी की तरफ नहीं है। निगम की ओर से ऐसी कोई जानकारी जारी नहीं की गई है कि उसने कितने कुएं बावड़ी को साफ करके एक बार फिर बारिश का पानी जमा कर वाटर रिचार्जिंग करने के लिए तैयार कर लिया है।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 5 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 4 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें