सोमवार, 12 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
इंदौर

नगर निगम में शिकायत की शंका में पड़ौसी दुकानदार पर कटर से हमला

इंदौर। सराफा थाना क्षेत्र के खजूरी बाजार में पड़ोसी दुकानदारों के बीच हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। नगर निगम की अतिक्रमण रोधी कार्रवाई के दौरान शिकायत करने…

इंदौर। सराफा थाना क्षेत्र के खजूरी बाजार में पड़ोसी दुकानदारों के बीच हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। नगर निगम की अतिक्रमण रोधी कार्रवाई के दौरान शिकायत करने की आशंका को लेकर उपजे विवाद में एक दुकानदार ने दूसरे पर फ्रेम काटने वाले कटर से हमला कर दिया। कटर सीधे गर्दन पर लगने से व्यापारी लहूलुहान होकर गिर पड़ा। कर्मचारियों की मुस्तैदी से पीड़ित की जान बच सकी। सराफा पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, वारदात खजूरी बाजार क्षेत्र की है। मामले में पीड़ित किशन गुर्जर निवासी शकर बाजार की रिपोर्ट पर केस दर्ज किया गया है। फरियादी किशन ने पुलिस को बताया कि वे अपनी दुकान पर थे, तभी नगर निगम की टीम फुटपाथ से अस्थाई दुकानें और अतिक्रमण हटाने पहुंची थी। कार्रवाई के दौरान बगल की दुकान चलाने वाला आरोपी विनोद गुप्ता निवासी हाईलिंक सिटी के बाहर खड़ा था। फरियादी किशन ने उससे जाकर बस इतना पूछा कि वह निगम कर्मियों से उसकी बार-बार शिकायत क्यों करता है इसी बात पर आरोपी आपा खो बैठा और गालियां देने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने दुकान से फ्रेम काटने वाला नुकीला कटर निकालकर सीधे किशन की गर्दन पर चला दिया। गर्दन पर कटर लगते ही खून की धारा बह निकली और मौके पर चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर दुकान पर काम करने वाले कर्मचारी प्रेम कुमावत और कुशल गुर्जर तुरंत दौड़े और आरोपी को पकड़कर फरियादी को छुड़ाया। आरोपी विनोद गुप्ता पीड़ित को दोबारा दिखने पर जान से मारने की धमकी देकर मौके से भाग खड़ा हुआ। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 21 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें