इंदौर। पूर्वी रिंग रोड पर मूसाखेड़ी चौराहे से सांवरिया धाम मंदिर के सामने तक के बड़े हिस्से में रोशनी के लिए तैयार नई सड़क के बीच में अब 30 से ज्यादा नए बिजली के पोल लगाकर उन पर करीब 70 से ज्यादा तेज रोशनी वाली एलइडी लाइटिंग से जगमगाहट की जाएगी। जिसको लेकर सड़क प्रोजेक्ट से जुड़े ठेकेदार कंपनी द्वारा एक फीट के डिवाइडर निर्माण कर बीच के हिस्से में जगमगाहट के लिए नए पोल लगाने की तैयारी भी शुरू कर दी गई है। गौरतलब है कि मूसाखेड़ी रिंगरोड चौराहे से लेकर सांवरिया धाम मंदिर तक लगभग 1100 मीटर लंबी सड़क चौड़ीकरण और दोनों तरफ सर्विस रोड बनाने का काम लंबे समय से चल रहा है जो अब एकदम अंतिम दौर में है।
इलेक्ट्रिक पोल लगाने से पहले मजबूत ठिए बनाने का हो रहा कार्य: दरअसल
वर्तमान में सड़क प्रोजेक्ट से जुड़े ठेकेदार द्वारा मूसाखेड़ी रिंगरोड चौराहे से टूटी प्रेस सांवरिया धाम मंदिर चौक तक दोनों तरफ लगभग 35-35 फीट चौड़ी सर्विस रोड निर्माण का कार्य लंबे समय से किया जा रहा है। वहीं बताया जा रहा है कि अब सर्विस रोड निर्माण और चौड़ीकरण का कार्य भी अंतिम दौर में है। पिछले दिनों सड़क निर्माण की अंतिम बाधा के रूप में मटन मार्केट की 30 से ज्यादा दुकानें हटने के बाद काम में दुगनी तेजी आ गई है। यही नहीं अब रोशनी के लिए यहां 30 से ज्यादा पोल पर करीब 70 तेज रोशनी वाली एलइडी लाइटिंग से जगमगाहट की जाएगी। जिसको लेकर इन दिनों तेजी के साथ काम चल रहा है। लाइटिंग लगाने के लिए नए बिजली के पोल भी आ गए हैं। जिसे जल्द लगाने का काम शुरू होगा। इसके बाद रिंग रोड से सांवरिया धाम होते हुए नेमावर बायपास से जुड़ने वाले इस मार्ग पर भविष्य में ब्रिज निर्माण के बाद मूसाखेड़ी से बायपास जाने वालों को भी इस 150 फीट चौड़ी सड़क से गुजरने पर सीधा फायदा मिलेगा।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 22 November 2026 के अंक में पृष्ठ 8 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें






