केन्द्र सरकार के निर्देश पर पूरे प्रदेश के साथ इंदौर में भी कल राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का आयोजन किया गया। मालव कन्या स्कूल महूनाका में विद्यार्थियों को सांसद शंकर लालवानी ने कृमि मुक्ति दिवस की जानकारी भी दी और संबंधित गोली के बारे में भी जानकारी दी। लालवानी ने कहा कि 1 से 19 वर्ष के 12 लाख 31 हजार 546 बच्चों को कृमिनाशक गोली खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उल्लेखनीय है कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा यह गोली शिक्षा विभाग के माध्यम से स्कूलों में विगत कई दिनों से पहुंचाई जा रही है। पालक जानकारी के अभाव में इस गोली को अपने बच्चे को दे नहीं रहे हैं। सभी स्कूलों के प्राचार्य पर स्वास्थ्य विभाग और शिक्षा विभाग का गोली वितरण का दबाव है और पालक इस गोली को अपने बच्चे को देने को तैयार नहीं है और प्राचार्य भी बगैर पालक की स्वीकृति के बच्चों को गोली नहीं दे रहे हैं। इसीलिए सांसद ने कल कृमि मुक्ति दिवस पर विद्यार्थियों को गोली का महत्व बताया। इस दौरान स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव प्रसाद हासानी, डॉ. तरुण गुप्ता, डॉ. मनीषा पंडित, डॉ. शिवराजसिंह चौहान, विनय पाण्डे, आरके कोरी सहित अन्य मौजूद थे।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 7 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 2 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




