मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
इंदौर

सांसद ने की केन्द्रीय मंत्री से मुलाकात

सिंहस्थ को लेकर इंदौर की रेल परियोजनाओं पर फोकस

सांसद शंकर लालवानी ने दो वर्ष बाद आने वाले सिंहस्थ के लिए इन्दौर की रेल परियोजना को लेकर केन्द्रीय रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की। वैष्णव और लालवानी के बीच लक्ष्मीबाई नगर सहित आसपास के स्टेशनों के विस्तार, नई ट्रेनों के संचालन, बढ़ाए गए फेरों को नियमित करने एवं यात्री सुविधाओं के विस्तार पर विस्तृत चर्चा भी हुई। बैठक में इंदौर रेलवे स्टेशन एवं लक्ष्मीबाई नगर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों के साथ-साथ राऊ, सैफी नगर, राजेंद्र नगर, चंद्रावतीगंज सहित आसपास के प्रमुख रेलवे स्टेशनों के विस्तार, प्लेटफॉर्म क्षमता बढ़ाने, यात्री सुविधाओं के उन्नयन तथा भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप अधोसंरचना विकसित करने पर विस्तृत चर्चा हुई। सांसद लालवानी ने इंदौर-खंडवा रेल परियोजना, इंदौर-दाहोद रेल परियोजना सहित क्षेत्र की अन्य महत्वपूर्ण रेल परियोजनाओं को शीघ्र गति देने का आग्रह किया। उन्होंने इंदौर से विभिन्न प्रमुख शहरों के लिए नई ट्रेनों के संचालन, वर्तमान में अतिरिक्त फेरों के रूप में चल रही ट्रेनों को नियमित करने तथा यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए नई रेल सेवाएं प्रारंभ करने की मांग भी प्रमुखता से रखी। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सांसद लालवानी द्वारा उठाए गए सभी विषयों को गंभीरता से सुना और संबंधित वरिष्ठ रेलवे अधिकारियों को सभी परियोजनाओं एवं प्रस्तावों की समीक्षा के लिए उच्चस्तरीय बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 31 जुलाई 2026 के अंक में पृष्ठ 2 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें