मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
इंदौर

महापौर परिषद के सदस्यों की आपत्ति के बाद बैठक रोकी

अब बैठक 17 अगस्त को आयोजित करने का प्रस्ताव

महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने महापौर परिषद के सदस्यों की आपत्ति के बाद आज आयोजित महापौर परिषद की बैठक को रोक दिया है। अब यह बैठक 17 अगस्त को आयोजित करने का प्रस्ताव रखा गया है।

महापौर परिषद की बैठक आज सुबह 11:00 बजे से इंदौर नगर निगम के मुख्यालय में स्थित महापौर के कार्यालय वाले सभागार में आयोजित की जानी थी। इस बैठक आयोजन के लिए मंगलवार को 35 प्रस्ताव का एजेंडा जारी किया गया था। यह एजेंडा मंगलवार की रात को महापौर परिषद के सदस्यों के पास पहुंचाया गया था। एजेंडा पहुंचने के बाद सदस्यों की ओर से महापौर को फोन लगाकर आपत्ति ली गई। महापौर परिषद के सदस्य राजेश उदावत के साथ तीन अन्य सदस्यों के द्वारा यह आपत्ति ली गई।

इन आपत्ति लेने वाले सदस्यों का कहना था कि महापौर परिषद की बैठक के लिए इतना लंबा एजेंडा है। इस एजेंडा का अध्ययन करने के लिए समय की आवश्यकता है। मात्र 36 घंटे पहले हमें एजेंडा दिया गया है। ऐसे में इतने कम समय में एजेंडा के विषयों का अध्ययन कर पाना संभव नहीं है। इसमें बहुत सारे गंभीर विषय भी शामिल किए गए हैं। शहर में बहुत सारे स्थान पर विज्ञापन बोर्ड लगाने की अनुमति देने के चार अलग-अलग प्रस्ताव भी रखे गए हैं।

इन सभी विषयों पर तत्काल अध्ययन कर महापौर परिषद की बैठक में उस पर चर्चा कर पाना संभव नहीं है। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने सदस्यों की ओर से यह आपत्ति आने के बाद इस बैठक को 17 अगस्त के लिए टाल दिया है। इसके साथ ही नगर निगम के अधिकारियों को यह निर्देश दिया गया है कि वह एजेंडा में शामिल किए गए विषयों की विस्तृत जानकारी महापौर परिषद के सदस्यों को उपलब्ध करवाएं। अब 15 अगस्त का राष्ट्रीय पर्व और फिर उसके बाद 16 अगस्त को इंदौर नगर निगम का मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की उपस्थिति में होने वाला कार्यक्रम है। इसे देखते हुए इस बैठक को 17 अगस्त को आयोजित करना प्रस्तावित किया गया है।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 13 अगस्त 2026 के अंक में पृष्ठ 5 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें